प्रौद्योगिकीय : इटली की लग्जरी स्पोर्ट्स कार निर्माता कंपनी फेरारी ने अपने स्पेशल प्रोजेक्ट्स कार्यक्रम के तहत नई वन-ऑफ सुपरकार Ferrari CZ26 से पर्दा उठा दिया है। यह कार अमेरिका के एक ग्राहक की विशेष मांग पर तैयार की गई है और दुनिया में इसकी केवल एक यूनिट मौजूद होगी। इसकी कीमत और कार का ऑर्डर देने वाले ग्राहक की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
फेरारी CZ26 को कंपनी की SF90 Stradale के तकनीकी प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है। हालांकि, इसके बाहरी डिजाइन, केबिन और एयरोडायनामिक्स में व्यापक बदलाव किए गए हैं। फेरारी ने इस कार को 13 अगस्त को प्रस्तुत किया और इसका सार्वजनिक प्रदर्शन अमेरिका में आयोजित मोंटेरे कार वीक के दौरान किया गया। कंपनी के अनुसार यह कार ग्राहक और फेरारी की डिजाइन टीम के बीच लगभग दो वर्षों तक चले सहयोग का परिणाम है।
के मुताबिक CZ26 कंपनी के स्पेशल प्रोजेक्ट्स कार्यक्रम के तहत तैयार की गई है। इस कार्यक्रम के माध्यम से चुनिंदा ग्राहक फेरारी के मौजूदा तकनीकी प्लेटफॉर्म पर अपने लिए पूरी तरह अलग डिजाइन वाली कार बनवा सकते हैं।
 SF90 Stradale से बिल्कुल अलग डिजाइन
CZ26 का डिजाइन फ्लावियो मंजोनी के नेतृत्व वाले Ferrari Design Studio ने तैयार किया है। तकनीकी आधार SF90 Stradale का होने के बावजूद कार की बॉडी को पूरी तरह नए सिरे से डिजाइन किया गया है। इसमें साफ और चौड़ा टू-बॉक्स सिल्हूट, उभरे हुए व्हील आर्च तथा अपेक्षाकृत छोटा पिछला हिस्सा मिलता है।
कार के आगे पूरी चौड़ाई में फैली फंक्शनल ग्रिल दी गई है। इसमें बेहद पतली लाइटिंग यूनिट, ब्रेक को ठंडा करने वाले एयर इंटेक और ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम से जुड़े सेंसर शामिल हैं। इसकी क्षैतिज डिजाइन लाइनें कार को चौड़ा और आक्रामक रूप देती हैं।
पिछले हिस्से में कैंटिलीवर शैली की पतली टेललाइट, नया डिफ्यूजर, बदला हुआ स्पॉइलर और टाइटेनियम एग्जॉस्ट टिप्स दिए गए हैं। रेडिएटर और एयर फ्लो सिस्टम की स्थिति में भी बदलाव किया गया है। नए अंडरबॉडी, वॉर्टेक्स जेनरेटर और एयर कर्टेन की सहायता से आगे और पीछे के एयरोडायनामिक संतुलन को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है।
सिल्वर पेंट के साथ लाल रंग का प्रयोग
CZ26 को विशेष Argento Veloce सिल्वर रंग में तैयार किया गया है। इसके साथ Rosso Lampante लाल रंग के एक्सेंट और खुले दिखाई देने वाले कार्बन फाइबर एलिमेंट्स का इस्तेमाल हुआ है। छत और पिलर पर काले रंग का प्रयोग केबिन को मुख्य बॉडी से अलग दृश्य पहचान देता है।
इसके पहिए भी विशेष रूप से CZ26 के लिए डिजाइन किए गए हैं। इनमें ग्लॉस ब्लैक और सैंडब्लास्टेड फिनिश का संयोजन मिलता है। फेरारी का कहना है कि इसका डिजाइन आधुनिक सुपरकार तकनीक के साथ 1970 के दशक के इतालवी औद्योगिक डिजाइन से प्रेरित तत्वों को जोड़ता है।
केबिन में 3D प्रिंटेड सीट इन्सर्ट
कार के केबिन को भी एक्सटीरियर की थीम के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें ब्लैक टेक्निकल फैब्रिक अपहोल्स्ट्री, सैटिन फिनिश कार्बन फाइबर और विशेष रूप से तैयार किए गए सीट इन्सर्ट दिए गए हैं। इन सीट इन्सर्ट को एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग यानी 3D प्रिंटिंग तकनीक से बनाया गया है।
केबिन में ग्लॉस कार्बन फाइबर के अंदर मेटैलिक फिलामेंट्स का इस्तेमाल किया गया है। दरवाजों और डैशबोर्ड पर एक्सटीरियर के रंग वाले एलिमेंट दिए गए हैं। सीट और अन्य हिस्सों पर CZ26 का विशेष लोगो भी दिखाई देता है।
 प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन से 1,000hp
CZ26 में 3,990 सीसी का 4.0 लीटर ट्विन-टर्बोचार्ज्ड V8 पेट्रोल इंजन मिलता है। यह इंजन 797hp की शक्ति और 804Nm का अधिकतम टॉर्क उत्पन्न करता है। इसके साथ तीन इलेक्ट्रिक मोटर लगाई गई हैं, जो संयुक्त रूप से अतिरिक्त 220hp का आउटपुट देती हैं। कार का कुल सिस्टम आउटपुट 1,000hp है।
इसमें 7.9kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जिसकी सहायता से कार लगभग 25 किलोमीटर तक केवल इलेक्ट्रिक मोड में चल सकती है। पावर को आठ-स्पीड ड्यूल क्लच गियरबॉक्स और ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम के माध्यम से पहियों तक पहुंचाया जाता है।
कंपनी के अनुसार CZ26 केवल 2.5 सेकंड में शून्य से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और 6.7 सेकंड में 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम गति 328 किलोमीटर प्रति घंटे है। यह कोई नियमित उत्पादन मॉडल नहीं है, इसलिए इसे सामान्य ग्राहकों के लिए बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
Tags: