नई दिल्ली: अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी सेवाएं बहाल कर दी हैं। इसके साथ ही दुनिया भर में आई वह रुकावट खत्म हो गई है, जिसने एक दिन से अधिक समय तक आउटलुक (Outlook), टीम्स (Teams) और व्यवसायों तथा आम उपयोगकर्ताओं द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले कई अन्य माइक्रोसॉफ्ट 365 (Microsoft 365) एप्लिकेशन को प्रभावित किया था।
कंपनी ने अपने सर्विस स्टेटस पेज को अपडेट किया है, जिस पर अब "सभी उत्पाद चालू हैं" (all products are operational) लिखा आ रहा है। गुरुवार से ही कई देशों के उपयोगकर्ताओं को ईमेल एक्सेस करने, वर्चुअल मीटिंग में शामिल होने और क्लाउड-आधारित वर्कप्लेस टूल्स का उपयोग करने में दिक्कतें आ रही थीं।
कंपनी के अनुसार, यह समस्या नेटवर्क क्षमता बढ़ाने (network capacity upgrade) से जुड़े एक तकनीकी कारण से पैदा हुई थी, जो बाद में किए गए एक नेटवर्क बदलाव के दौरान सामने आई।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस रुकावट का संबंध किसी साइबर खतरे या आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम से नहीं था।
माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में कहा, "इस घटना के कारण हमारे ग्राहकों और साझेदारों को जो परेशानी हुई, उसके लिए हम दिल से माफी मांगते हैं।" कंपनी ने आगे कहा कि वह अपनी सेवाओं पर ग्राहकों के भरोसे को बहुत गंभीरता से लेती है।
कंपनी के मुताबिक, इस समस्या का मुख्य असर उसके क्लाउड ईमेल प्लेटफॉर्म 'एक्सचेंज ऑनलाइन' (Exchange Online) पर पड़ा। इसके कारण आउटलुक, टीम्स, माइक्रोसॉफ्ट 365 कोपायलट (Microsoft 365 Copilot), शेयरपॉइंट ऑनलाइन (SharePoint Online) और माइक्रोसॉफ्ट डिफेंडर XDR (Microsoft Defender XDR) जैसी अन्य सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
इस रुकावट के दौरान उपयोगकर्ताओं को कैलेंडर देखने, मीटिंग शेड्यूल करने और कोपायलट (Copilot) के जरिए जानकारी हासिल करने में दिक्कतें आईं।
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, माइक्रोसॉफ्ट को समस्या के कारणों के बारे में और अधिक स्पष्ट जानकारी मिलती गई।
शुरुआत में कंपनी को लगा कि कई क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर पर अत्यधिक लोड के कारण यह रुकावट आई है। बाद में पता चला कि कई सर्वर अचानक काम करना बंद कर गए थे, जिससे बाकी बचे सिस्टम पर दबाव बढ़ गया।
बाद में कंपनी ने स्पष्ट किया कि यह रुकावट उपयोगकर्ताओं की बहुत अधिक संख्या (high user traffic) के कारण नहीं हुई थी।
हालांकि, सेवाओं को बहाल करने के प्रयासों में तब कुछ रुकावटें आईं, जब ट्रैफिक को उन सर्वरों की ओर भेजा गया जिन्हें ठीक कर लिया गया था, लेकिन वे फिर से काम करना बंद कर गए।
इसके बाद इंजीनियरों ने ट्रैफिक मैनेजमेंट की प्रक्रियाओं में बदलाव किया और सिस्टम की स्थिरता पर नजर रखते हुए चरणों में क्षमता को बहाल किया।
इसके अलावा, गुरुवार को कुछ एयरलाइंस ने बताया कि उनका ईमेल सपोर्ट चैनल प्रभावित हुआ है, हालांकि ग्राहकों की मदद के लिए अन्य विकल्प (alternative channels) काम करते रहे।