अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भारतीय टीम को टी20 विश्व कप जीतने पर दी बधाई
नई दिल्ली: भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप जीतने पर बधाई दी है। सर्जियो गोर ने एक्स पर लिखा, "टी20 क्रिकेट विश्व कप में जीत के लिए टीम इंडिया को बधाई।"
अमेरिकी राजदूत विश्व कप में भारत और अमेरिका के बीच खेले गए मैच को देखने के लिए मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे थे। इस दौरान वह आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह से भी मिले थे। शाह और सर्जियो ने एक-दूसरे से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं।
भारत के खिलाफ अमेरिका का प्रदर्शन अच्छा रहा था। अमेरिका ने टीम इंडिया के 77 रनों पर 6 विकेट गिरा दिए थे, लेकिन सूर्यकुमार यादव के नाबाद 84 रनों की बदौलत भारत ने 9 विकेट पर 161 रन बनाए थे और यूएसए को 132 रन पर रोककर 29 रन से मैच जीता था।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए फाइनल मुकाबले की बात करें तो न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। संजू सैमसन के 89 रन, अभिषेक शर्मा के 52 रन, ईशान किशन के 54 रन और शिवम दुबे के नाबाद 26 रन की मदद से भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 255 रन बनाए थे।
256 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी न्यूजीलैंड 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। टिम साइफर्ट ने 26 गेंदों पर 52 और मिचेल सेंटनर ने 35 गेंदों पर 43 रन बनाए। भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 4, अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट लिए। हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा को 1-1 विकेट मिला। संजू सैमसन प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।