हॉकी से खेल रत्न के लिए श्रीजेश और दीपिका, अर्जुन अवॉर्ड के लिए रेस में होंगी ये 3 खिलाड़ी

भारत के सबसे प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार, अर्जुन अवॉर्ड के लिए खिलाड़ियों को नामांकित किया जा चुका है।

Update: 2021-06-26 15:53 GMT

 भारत के सबसे प्रतिष्ठित राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार, अर्जुन अवॉर्ड के लिए खिलाड़ियों को नामांकित किया जा चुका है। हॉकी इंडिया ने राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश और पूर्व महिला हॉकी खिलाड़ी दीपिका को नॉमिनेट किया है। वहीं, अर्जुन अवॉर्ड के लिए हरमनप्रीत सिंह, वंदना कटारिया और नवजोत कौर के नाम भेजे गए हैं। मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड के लिए भारत के पूर्व खिलाड़ी आर पी सिंह और संगई इबेमहाल को नॉमिनेट किया गया है। वहीं, हॉकी इंडिया ने कोच बी जे करियप्पा और सीआर कुमार के नाम द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए भेजे हैं। बता दें कि खेल मंत्रालय की एक समिति विजेताओं के नामों का चयन करेगी।

 खेलरत्न पुरस्कार के लिए एक जनवरी 2017 से 31 दिसंबर 2020 के प्रदर्शन को पैमाना रखा गया है। इस दौरान श्रीजेश ने ब्रेडा में चैंपियंस ट्रॉफी 2018 में रजत पदक, 2018 एशियाई खेलों में कांस्य पदक और एफआईएच सीरिज फाइनल भुवनेश्वर 2019 में मिले स्वर्ण पदक में अहम भूमिका निभाई। श्रीजेश को 2015 में अर्जुन और 2017 में पद्मश्री मिल चुका है। वहीं दीपिका 2018 एशियाई खेलों और 2018 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में रजत पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा थी । हरमनप्रीत 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। वहीं, वंदना कटारिया 200 से अधिक और नवजोत 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं।

Tags:    

Similar News

-->