मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच स्वदेश लौटने लगे साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी
नई दिल्ली: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने बुधवार को मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की समाप्ति के बाद टीमों के वापस लौटने पर अपडेट दिया है। आईसीसी ने बताया है कि साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज दल के सदस्य यात्रा में जारी रुकावटों के बीच धीरे-धीरे घर लौट रहे हैं।
मिडिल ईस्ट और वेस्ट एशिया में झगड़े के चलते एयरस्पेस पर लगी पाबंदियों के बीच टी20 वर्ल्ड कप कैंपेन के बाद कुछ टीमें भारत में ही फंसी रहीं। वेस्टइंडीज की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना आखिरी मैच 1 मार्च को खेला था, लेकिन विश्व कप खत्म होने के बाद भी टीम अभी तक भारत में ही है। दूसरी ओर, साउथ अफ्रीकी टीम ने 4 मार्च को न्यूजीलैंड के विरुद्ध सेमीफाइनल मुकाबला खेला था, लेकिन यह टीम भी अब तक स्वदेश नहीं लौट सकी है।
आईसीसी ने बताया कि चार साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी अपने परिवार के पांच सदस्यों के साथ पहले ही घर वापसी के लिए फ्लाइट पकड़ चुके हैं, जबकि दल के बाकी 29 सदस्य अगले 24 घंटों में निकलने वाले हैं। दूसरी तरफ, वेस्टइंडीज कैंप के नौ सदस्य पहले ही कैरिबियन के लिए निकल चुके हैं, और शेष 16 अगले 12 घंटों में भारत से निकलेंगे।
आईसीसी ने एक रिलीज में कहा, "साउथ अफ्रीका के चार खिलाड़ी और परिवार के पांच सदस्य फ्लाइट पकड़ चुके हैं और घर जा रहे हैं, और उनके दल के बाकी सभी 29 सदस्य अगले 24 घंटों में निकलेंगे। वेस्टइंडीज दल के नौ सदस्य कैरिबियन के लिए निकल चुके हैं, जबकि बाकी 16 अगले 12 घंटों में भारत से निकलने वाली फ्लाइट में बुक हैं।"
आईसीसी ने कहा कि वह अचानक आई यात्रा में रुकावटों से पैदा होने वाले सभी अतिरिक्त लॉजिस्टिक्स को मैनेज करना जारी रखे हुए है, जिसमें प्रभावित टीमों के रहने का इंतजाम भी शामिल है। इसमें आगे कहा गया, "आईसीसी फिर से दोनों सदस्यों, उनके खिलाड़ियों, परिवारों और स्टाफ को उनके सब्र के लिए धन्यवाद देता है, क्योंकि हम उनकी सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित कर रहे हैं।"