रोहित शर्मा ने निभाया वादा, 'मुंबई चा राजा' ने 'युवराज' को गिफ्ट लैम्बॉर्गिनी
खेल: मुंबई इंडियंस के रोहित शर्मा ने एक फैंटेसी क्रिकेट कॉन्टेस्ट विजेता को उपहार में अपनी लैंबरगिनी उरुस कार दी। रोहित शर्मा ने सीजन की शुरुआत में वादा किया था जिसे पूरा किया। बड़ी बात यह है कि रोहित शर्मा की लैंबरगिनी कार का रजिस्ट्रेशन नंबर 264 है जो वनडे प्रारूप में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। रोहित शर्मा मौजूदा आईपीएल में मुंबई को प्लेऑफ में पहुंचाने की कोशिश में जुटे हैं।मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने सोमवार को फैंटेसी क्रिकेट कॉन्टेस्ट विजेता को उपहार में लैंबरगिनी उरुस दी। रोहित शर्मा को कई बार मुंबई की सड़कों पर अपनी नीली रंग की लैंबरगिनी में घूमते हुए देखा गया है। उन्होंने एक विजेता को कार की चाबी सौंपी।
रोहित शर्मा की लैंबरगिनी कार का रजिस्ट्रेशन नंबर 264 है, जो 'हिटमैन' के लिए बेहद विशेष है। रोहित शर्मा का वनडे प्रारूप में सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी 264 रन है, जिसकी तर्ज पर उन्हें कार नंबर मिला। पता हो कि रोहित शर्मा की लैंबरगिनी की कीमत करीब साढ़े चार करोड़ रुपये है, जो सालों से फैंस की पसंदीदा कार रही है।
याद दिला दें कि आईपीएल 2025 की शुरुआत में रोहित शर्मा ने एक विज्ञापन कैंपेन के दौरान अपना कार गिफ्ट करने का वादा किया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
शुरुआत में फैंस उलझन में थे कि रोहित शर्मा अपनी ही कार देंगे या नई कार भेंट करेंगे। हालांकि, सोमवार को आए दृश्यों से साफ हो गया कि 'मुंबई चा राजा' ने अपना वादा निभाया। बता दें कि कार जीतने वाले शख्स का नाम युवराज है।
प्लेऑफ की लड़ाई
बता दें कि मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2025 में धीमी शुरुआत के बाद अपने गियर बदले और प्लेऑफ की रेस में शामिल हुई। मुंबई ने अपने प्रयासों को इतना तगड़ा बनाया कि उसे हरा पाना मुश्किल होने लगा। एमआई के 12 मैचों में 14 अंक हैं और उसे प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने अगले दोनों मैच जीतने की जरुरत है।
वैसे, मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ की रेस में दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजायंट्स से टक्कर मिल रही है। गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है। मुंबई अपना अगला मुकाबला बुधवार को दिल्ली के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम पर खेलेगी।