Sports खेल: रोहित शर्मा ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने ICC पुरुष वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहला स्थान हासिल कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मैच में शानदार शतक लगाने वाले रोहित ने रैंकिंग में दो पायदान की छलांग लगाई है। मालूम हो कि रोहित ने कोहली के साथ मिलकर उस मैच में धमाल मचाया था। रोहित ने रैंकिंग में अफगानिस्तान के बल्लेबाज इब्राहिम जादरान और भारतीय कप्तान शुभमन गिल को पीछे छोड़ दिया। रोहित के साथ-साथ ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने भी वनडे रैंकिंग में बढ़त हासिल कर ली है।
रोहित शर्मा के 781 रेटिंग अंक हैं? इब्राहिम 764 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। विराट कोहली 725 अंकों के साथ बल्लेबाजी रैंकिंग में छठे स्थान पर हैं। 38 वर्षीय बल्लेबाज रोहित अपने करियर में पहली बार वनडे रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंचे हैं। उन्होंने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीता था। उस सीरीज़ में उन्होंने 101 की औसत से कुल 202 रन बनाए थे।
रोहित शर्मा का वनडे बल्लेबाज़ों की सूची में शीर्ष पर पहुँचना शुभ संकेत है। उनके वनडे भविष्य पर संशय के बीच, यह उल्लेखनीय है कि रोहित शीर्ष पर हैं। यह तो जगजाहिर है कि वनडे कप्तानी गिल को सौंप दी गई है। ऐसी अटकलें भी थीं कि रोहित वनडे से संन्यास ले रहे हैं। लेकिन ऑस्ट्रेलियाई सीरीज़ में उन्होंने शानदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन किया।