नई दिल्ली: भारत के खिलाफ होने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। इंजरी की वजह से वनडे सीरीज से बाहर रहे ऑलराउंडर रचिन रवींद्र और विकेटकीपर बल्लेबाज डेवोन कॉनवे की टीम में वापसी हुई है।
रवींद्र सितंबर में एक प्रमोशनल शूट के दौरान डाइविंग कैच लेने की कोशिश में अपने दाहिने कंधे को चोटिल कर बैठे थे। इस वजह से वह भारत के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज से बाहर हो गए। वहीं, डेवोन कॉनवे भारत के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले अभ्यास के दौरान मैट हेनरी के साथ हुई टक्कर में इंजर्ड हो गए थे। उन्हें कन्कशन की समस्या हुई थी और इस वजह से उन्हें वनडे सीरीज से बाहर होना पड़ा था। रवींद्र और कॉनवे की वापसी से न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी मजबूत हुई है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने अपनी प्रेस रिलीज में बताया, "रचिन रवींद्र, डेवोन कॉनवे और विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल अपनी-अपनी चोटों से उबर रहे हैं और पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध होने का लक्ष्य बना रहे हैं।" अगर ब्लंडेल भारत के खिलाफ दोनों टेस्ट खेलते हैं, तो वह अपने करियर में 50 टेस्ट पूरे कर लेंगे।
न्यूजीलैंड की टीम में लगभग वही खिलाड़ी हैं जिनके दम पर टीम ने इंग्लैंड को उसी की धरती पर टेस्ट सीरीज में 2-1 से हराया था। इंग्लैंड सीरीज में मौजूद रहे विल ओ'रूर्के वर्कलोड मैनेजमेंट, बेन सियर्स और जैक फाउल्केस इंजरी की वजह से भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं हैं।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बीजे वाटलिंग न्यूजीलैंड के बैटिंग कोच के तौर पर अपने करियर की शुरुआत कर रहे हैं। वे ल्यूक रोंची की जगह लेंगे। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2027 के फाइनल में जगह बनाने के लिए कीवी टीम के लिए ये घरेलू टेस्ट सीरीज बेहद अहम है। न्यूजीलैंड अभी डब्ल्यूटीसी टेबल में टॉप पर है।
भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम: टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोलस, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, मिशेल सेंटनर, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, विल यंग।

Tags: