नीरज चोपड़ा दोहा में डायमंड लीग खिताब का बचाव करने उतरेंगे

Update: 2023-04-13 13:28 GMT
नई दिल्ली, (आईएएनएस)| मौजूदा ओलम्पिक चैंपियन और विश्व रजत विजेता नीरज चोपड़ा पांच मई को दोहा मीट में अपने डायमंड लीग खिताब का बचाव करने उतरेंगे।
चोट के कारण चोपड़ा 2022 दोहा मीट में नहीं उतरे थे जहाँ ग्रेनेडा के दो बार के विश्व चैंपियन पीटर्स ने इतिहास में पांचवीं सबसे लम्बी थ्रो 93.07 मीटर फेंकी थी।
मौजूदा भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी ने पिछले वर्ष स्टॉकहोम में 89.94 मीटर की थ्रो के साथ अपने सर्वश्रेष्ठ में दो मीटर का सुधार किया था और 2022 वांडा डायमंड लीग चैंपियन बने थे। वह यह प्रतिष्ठित इवेंट जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने थे।
दोहा में नीरज के साथ भाला फेंक स्पर्धा के खिताब के दावेदारों में विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स (ग्रेनेडा) और टोक्यो 2021 के रजत विजेता जाकोब वडलेच (चेक गणराज्य) भी रहेंगे।
इन तीन स्टार एथलीटों के साथ यूरोपियन चैंपियन जर्मनी के जूलियन वेबर, पूर्व ओलंपिक चैंपियन त्रिनिदाद एन्ड टोबेगो के केशोर्न वालकोट और रियो ओलम्पिक के रजत विजेता केन्या के जूलियस येगो भी रहेंगे।
चोपड़ा के लिए टोक्यो 2020 की कामयाबी के बाद पिछला वर्ष काफी सफल रहा था। उन्होंने ओरेगॉन में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था और फिर डायमंड लीग खिताब जीता था।
--आईएएनएस
Tags:    

Similar News