स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक खास उपलब्धि के बेहद करीब हैं। दलीप ट्रॉफी के फाइनल में उतरते ही शमी अपने करियर का 100वां फर्स्ट क्लास मैच खेलेंगे। फिलहाल उनके नाम 99 फर्स्ट क्लास मुकाबले हैं। इस उपलब्धि से एक दिन पहले क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) चेन्नई में शमी को विशेष रूप से सम्मानित करेगा।

ईस्ट और साउथ जोन के बीच फाइनल
दलीप ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। शमी ईस्ट जोन की गेंदबाजी का अहम हिस्सा हैं। फाइनल उनके लिए इसलिए भी यादगार होगा क्योंकि मैदान पर उतरने के साथ ही वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में मैचों का शतक पूरा कर लेंगे। ईस्ट जोन को फाइनल तक पहुंचाने में शमी की अहम भूमिका रही है। सेंट्रल जोन के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर पांच विकेट लिए थे। ईस्ट जोन ने गत चैंपियन सेंट्रल जोन को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
99 मैचों में शमी के 382 विकेट
शमी का फर्स्ट क्लास करियर शानदार रहा है। 99 मुकाबलों में वह अब तक 382 विकेट हासिल कर चुके हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट की एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 90 रन देकर आठ विकेट रहा है। दलीप ट्रॉफी में भी शमी ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है। लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे इस तेज गेंदबाज के लिए घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन राष्ट्रीय टीम में वापसी की दावेदारी मजबूत करने का मौका है।
CAB देगा खास तोहफा
100 फर्स्ट क्लास मैचों की उपलब्धि को यादगार बनाने के लिए CAB ने विशेष सम्मान समारोह की तैयारी की है। शमी को CAB अध्यक्ष सौरव गांगुली के हस्ताक्षर वाली क्रिकेट गेंद, पीठ पर 100 नंबर वाली विशेष जर्सी और एक सिल्वर साल्वर दिया जाएगा। CAB के कोषाध्यक्ष संजय दास शमी को सम्मानित करेंगे। CAB का कहना है कि शमी बंगाल क्रिकेट का गौरव हैं और उनके महत्वपूर्ण करियर माइलस्टोन को सम्मानित करने के लिए यह छोटा सा प्रयास किया जा रहा है।
लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर
शमी ने भारत के लिए अपना पिछला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला मार्च 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में खेला था। इसके बाद से वह भारतीय टीम से बाहर हैं। आगामी न्यूजीलैंड सीरीज की तत्काल योजनाओं में भी उन्हें जगह नहीं मिली है। इसके बावजूद शमी घरेलू क्रिकेट में सक्रिय हैं और फिटनेस के साथ अपनी गेंदबाजी पर लगातार काम कर रहे हैं। अब दलीप ट्रॉफी का फाइनल शमी के लिए दोहरी अहमियत रखता है। एक तरफ उनकी नजर ईस्ट जोन को ट्रॉफी दिलाने पर होगी तो दूसरी तरफ वह 100 फर्स्ट क्लास मैच खेलने वाले खिलाड़ियों के खास क्लब में शामिल हो जाएंगे। घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन टीम इंडिया में संभावित वापसी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Tags: