जनता से रिश्ता वेबडेस्क। युवराज सिंह ने लगातार दो ऑक्शन में खूब रुपये कमाए थे। 2014 ऑक्शन में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 14 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, खराब प्रदर्शन की वजह से अगले साल आरसीबी ने उन्हें रिलीज कर दिया था।

आईपीएल मेगा ऑक्शन की तारीखें नजदीक आ चुकी हैं। शनिवार और रविवार को दो दिन सभी 10 फ्रेंचाइजियों के बीच खिलाड़ियों को खरीदने को लेकर 'जंग' देखने को मिलेगी। इस बार ऑक्शन में 600 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। सभी टीमों को मिलाकर 217 स्लॉट खाली हैं। हर फ्रेंचाइजी नए सिरे से अपनी टीम बनाना चाहेगी।
वहीं, मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीमें जो पहले मजबूत थीं, उन्हें नुकसान भी हो सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि, उनके कोर खिलाड़ी ऑक्शन में हैं और दूसरी फ्रेंचाइजी भी उन खिलाड़ियों को खरीदने की कोशिश करेगी। इसके लिए सभी टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी।
हम आपको हर टीम द्वारा किसी भी ऑक्शन में खरीदे गए सबसे महंगे खिलाड़ियों के बारे में बताएंगे। इस लिस्ट में सिर्फ ऑक्शन में खरीदे गए खिलाड़ियों की जानकारी है। इसमें उन खिलाड़ियों को शामिल नहीं किया गया है, जो रिटेन साल-दर-साल रिटेन होते रहे हैं।
1. राजस्थान रॉयल्स: क्रिस मॉरिस
कितने में खरीदा: 16.25 करोड़ रुपये
कौन से ऑक्शन में: 2021
दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर क्रिस मॉरिस अब तक के किसी भी ऑक्शन में खरीदे गए सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। इसके साथ ही वह राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के भी नीलामी में खरीदे गए सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। साल 2021 में आरआर ने उन्हें 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। मॉरिस इससे पहले भी ऊंची रकम पाते रहे हैं।
चाहे वो दिल्ली कैपिटल्स हो या रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, लेकिन आरआर ने उन्हें रिकॉर्ड तोड़ कीमत पर खरीदा। उन्होंने इस मामले में युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा। हालांकि, मॉरिस उस तरह का प्रदर्शन नहीं कर पाए, जैसी कि उनसे उम्मीद की जा रही थी। इस 34 साल के ऑलराउंडर ने 2021 आईपीएल में 15 विकेट लिए और सिर्फ 67 रन बना पाए। मॉरिस ने हाल ही में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिया था।
2. चेन्नई सुपर किंग्स: रवींद्र जडेजा
कितने में खरीदा: 9.75 करोड़ रुपये
कौन से ऑक्शन में: 2012
रवींद्र जडेजा को 2012 ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। तब से वह लगातार इस टीम का हिस्सा रहे हैं। सौराष्ट्र के इस ऑलराउंडर ने 2012 से पहले राजस्थान रॉयल्स और कोच्चि टस्कर्स के लिए खेला था। इन दो टीमों के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद ही चेन्नई ने इस ऑलराउंडर को इतने दाम में खरीदा था।
जडेजा ने तब धोनी के 2008 ऑक्शन में बनाए रिकॉर्ड को तोड़ चेन्नई द्वारा खरीदे गए सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। 2012 आईपीएल में जडेजा ने 19 मैचों में 12 विकेट लिए थे और 191 रन बनाए थे। 2018 में रविचंद्रन अश्विन के जाने के बाद से जडेजा टीम के लीड स्पिनर बन गए। इस साल उन्हें चेन्नई ने 16 करोड़ रुपये देकर रिटेन किया है। उन्हें अब धोनी से ज्यादा सैलरी मिलेगी। धोनी को चेन्नई ने 12 करोड़ रुपये में रिटेन किया है।
3. दिल्ली कैपिटल्स: युवराज सिंह
कितने में खरीदा: 16 करोड़ रुपये
कौन से ऑक्शन में: 2015
युवराज सिंह ने लगातार दो ऑक्शन में खूब रुपये कमाए थे। 2014 ऑक्शन में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 14 करोड़ रुपये में खरीदा था। हालांकि, खराब प्रदर्शन की वजह से अगले साल आरसीबी ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसके बाद 2015 ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने युवराज को 16 करोड़ रुपये में खरीदा था।
यह उस वक्त ऑक्शन में किसी खिलाड़ी को दी गई सबसे ज्यादा रकम थी। युवराज ने अपने ही 14 करोड़ वाले रिकॉर्ड को तोड़ा था। हालांकि, यह ऑलराउंडर 2014 की तरह 2015 में भी कोई छाप छोड़ने में नाकाम रहा और 10 मैचों में महज 236 रन बनाए। अगले साल दिल्ली ने भी उन्हें रिलीज कर दिया था।
4. कोलकाता नाइट राइडर्स: पैट कमिंस
कितने में खरीदा: 15.50 करोड़ रुपये
कौन से ऑक्शन में: 2020
ऑस्ट्रेलिया के इस तेज गेंदबाज ने अब तक लीग में शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी 150 किमी की रफ्तार से आती गेंदों को कोई भी बल्लेबाज छूने से डरता है। यही वजह रही कि कोलकाता की टीम ने उन्हें 2020 के ऑक्शन में 15.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2021 ऑक्शन से पहले तक वह नीलामी में बिके सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी रहे। उससे पहले यह रिकॉर्ड बेन स्टोक्स के नाम था।
स्टोक्स को राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स ने 14.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। कमिंस कोलकाता की टीम द्वारा खरीदे गए सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। 2020 आईपीएल से लेकर अब तक कमिंस ने 21 विकेट लिए हैं। हालांकि, वह इस दौरान काफी किफायती साबित हुए हैं। कमिंस लोअर ऑर्डर में अच्छी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। पिछले सीजन चेन्नई के खिलाफ मैच में उन्होंने बेहतरीन अर्धशतक लगाया था।
5. पंजाब किंग्स: जे रिचर्ड्सन
कितने में खरीदा: 14 करोड़ रुपये
कौन से ऑक्शन में: 2021
2021 की नीलामी में मॉरिस के अलावा एक और विदेशी खिलाड़ी भी था, जिस पर सभी टीमों ने दांव लगानी चाही थी। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जे रिचर्ड्सन को लेकर कई फ्रेंचाइजियों में जबरदस्त टक्कर देखने को मिली थी। हालांकि, पंजाब ने उन्हें 14 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम से जोड़ा था। यह उनके बेस प्राइस का 10 गुना था। पंजाब फ्रेंचाइजी द्वारा किसी भी ऑक्शन में खरीदे जाने वाले वह सबसे महंगे खिलाड़ी भी बन गए।
हालांकि, रिचर्ड्सन का प्रदर्शन उनकी कीमत जितना नहीं रहा। 2021 आईपीएल के पहल लेग में वह तीन मैच ही खेल पाए और सिर्फ तीन विकेट ही लिए। इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 10.63 का रहा। इस तेज गेंदबाज को भी पंजाब ने रिलीज कर दिया और वह इस साल फिर ऑक्शन से गुजरेंगे।
6. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: काइल जेमीसन
कितने में खरीदा: 15 करोड़ रुपये
कौन से ऑक्शन में: 2021
2021 के ऑक्शन में आरसीबी ने न्यूजीलैंड के छह फिट लंबे गेंदबाज काइल जेमीसन को खरीदा था। वह बैंगलोर फ्रेंचाइजी द्वारा ऑक्शन में खरीदे गए सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। जेमीसन का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन रहा था और यही वजह थी कि कई फ्रेंचाइजी उन्हें अपनी टीम में शामिल करना चाहते थे। ऑक्शन के दौरान पंजाब किंग्स और आरसीबी के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली।
आखिर में आरसीबी ने बाजी मारी और जेमीसन को 15 करोड़ रुपये में खरीदा। 2021 में अपने पहले आईपीएल में जेमीसन ने नौ विकेट झटके। हालांकि, इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 9.60 का रहा। जेमीसन का नाम रिटेंशन लिस्ट में नहीं था और उन्होंने इस साल मेगा ऑक्शन से दूर रहने का फैसला लिया है।
7. सनराइजर्स हैदराबाद: मनीष पांडे
कितने में खरीदा: 11 करोड़ रुपये
कौन से ऑक्शन में: 2018
मनीष पांडे आईपीएल में सेंचुरी लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने ऐसा 2009 आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम में रहते हुए किया था। 2014 के आईपीएल फाइनल में कोलकाता से खेलते हुए वह मैन ऑफ द मैच भी रहे थे। इस मध्यक्रम के बल्लेबाज के पास काफी अनुभव है और यही वजह थी कि 2018 आईपीएल मेगा ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने इन्हें 11 करोड़ रुपये देकर खरीदा।
हैदराबाद द्वारा किसी भी ऑक्शन में खरीदे गए वह सबसे महंगे खिलाड़ी बने। हालांकि, पिछले सीजन मनीष का प्रदर्शन खराब रहा था और उन्होंने 15 मैचों में 25.81 की औसत से 284 रन बनाए। इसलिए फ्रेंचाइजी ने उन्हें इस सीजन से पहले रिलीज कर दिया। मनीष पांडे ने 2018 से लेकर अब तक हैदराबाद के लिए 35 मैचों में 36.58 की औसत से 1061 रन बनाए।
8. मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा
कितने में खरीदा: 9.2 करोड़ रुपये
कौन से ऑक्शन में: 2011
2011 में मुंबई इंडियंस ने एक ऐसे खिलाड़ी को खरीदा था, जिसने इस टीम की किस्मत ही बदल कर रख दी। मुंबई ने 2011 में रोहित शर्मा को खरीदा था, जो बाद में चलकर इस टीम के कप्तान बने और उनकी कप्तानी में टीम ने पांच सीजन अपने नाम किए। मुंबई ने रोहित को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह मुंबई द्वारा ऑक्शन में खरीदे गए सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। 2013 में रोहित को टीम का कप्तान बनाया गया और उसी साल मुंबई ने पहला खिताब अपने नाम किया। इसके बाद टीम 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी जीती।
Tags: