विश्व मंच पर भारतीय तीरंदाजों का कमाल शीतल देवी बनीं गोल्डन गर्ल
छह पदक विश्व चैंपियन शीतल देवी ने लगाया स्वर्ण पर निशाना
अहमदाबाद: विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज स्टेज-3 के आखिरी दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। भारत ने बुधवार को दो स्वर्ण और चार कांस्य सहित कुल छह पदक अपने नाम किए। विश्व नंबर-1 और मौजूदा विश्व चैंपियन शीतल देवी ने पैरा कंपाउंड महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में रोमांचक शूटऑफ जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं पैरालंपिक चैंपियन हरविंदर सिंह और भावना की जोड़ी ने रिकर्व मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत को दूसरा स्वर्ण दिलाया।
शूटऑफ में शीतल ने दिखाया दम
महिला कंपाउंड व्यक्तिगत फाइनल में शीतल देवी का सामना कजाकिस्तान की आइजादा सेइदान से हुआ। दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला शुरुआत से ही बेहद करीबी रहा। दोनों ने पहले एंड में परफेक्ट 30 का स्कोर बनाया और दो एंड के बाद स्कोर 59-59 की बराबरी पर था। तीसरे एंड में आइजादा ने 28 और शीतल ने 27 अंक बनाए, जिससे भारतीय खिलाड़ी एक अंक पीछे हो गईं।
चौथे एंड में दोनों ने 29-29 अंक बनाए। आखिरी एंड में शीतल ने दबाव के बीच 29 अंक जुटाए, जबकि आइजादा 28 अंक ही बना सकीं। इसके साथ स्कोर 144-144 से बराबर हो गया और स्वर्ण पदक का फैसला शूटऑफ में पहुंच गया।
निर्णायक शूटऑफ में शीतल ने शानदार निशाना लगाते हुए 10 अंक हासिल किए, जबकि आइजादा नौ अंक ही बना सकीं। इसके साथ शीतल ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। विश्व तीरंदाजी के मुताबिक यह पैरा सीरीज में शीतल का पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक है।
हरविंदर और भावना की जोड़ी भी बनी चैंपियन
भारत को दिन का दूसरा स्वर्ण हरविंदर सिंह और भावना की जोड़ी ने दिलाया। रिकर्व मिश्रित टीम फाइनल में भारतीय जोड़ी ने चीन की लियांग किउरोंग और जिया लेई को 6-0 से मात दी। भारत ने पहला सेट 35-31, दूसरा 36-33 और तीसरा 34-32 से जीतकर मुकाबले में क्लीन स्वीप किया।
भावना ने इसके बाद महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता। उन्होंने कांस्य पदक के ऑल-इंडियन मुकाबले में राजश्री राठौड़ को 6-0 से हराया।
शीतल ने जीते दो पदक
शीतल देवी के लिए प्रतियोगिता खास रही। व्यक्तिगत स्वर्ण के अलावा उन्होंने टोमन कुमार के साथ कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक भी जीता। भारतीय जोड़ी ने इराक के सारा अल हामिद और अब्बास कादिम को 157-145 से हराया।
महिला कंपाउंड व्यक्तिगत वर्ग में भारत की सरिता ने चीन की वांग हुइटिंग को 141-140 से हराकर कांस्य पदक हासिल किया। वहीं टोमन कुमार ने पुरुष कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में इराक के अब्बास काधिम को 143-138 से मात देकर एक और कांस्य जीता।
इस तरह आखिरी दिन भारत ने दो स्वर्ण और चार कांस्य पदक हासिल कर घरेलू सरजमीं पर विश्व तीरंदाजी पैरा सीरीज स्टेज-3 का शानदार समापन किया। यह प्रदर्शन आगामी आइची-नागोया 2026 एशियाई पैरा खेलों से पहले भारतीय पैरा तीरंदाजों के लिए बड़ा आत्मविश्वास बढ़ाने वाला है।