टी-20 वर्ल्डकप में भारतीय टीम ने अपनी पहली जीत हासिल कर ली है। भारत ने अपने तीसरे मैच में अफगानिस्तान को 66 रनों से हराया। इसके साथ ही भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद बची हुई है। अब भारत को अपने बाकी दोनों मैच बड़े अंतराल से जीतने हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में अफगानिस्तान की जीत की दुआ करनी है। टीम इंडिया के लिए अच्छी बात यह है कि न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड को बहुत बड़े अंतर से नहीं हराया है। ऐसे में न्यूजीलैंड का रन रेट बहुत ज्यादा नहीं है। वहीं भारत से हारने के बाद अफगानिस्तान का रन रेट भी काफी कम हुआ है। 

भारत के दोनों मैच स्कॉटलैंड और नामीबिया जैसी छोटी टीमों के खिलाफ हैं और हम यह मानकर चल रहे हैं कि भारत, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान नामीबिया और स्कॉटलैंड के खिलाफ दोनों मैच जीतेंगे। 

1. अगर भारत अपने बाकी दोनों मैचों में स्कॉटलैंड और नामीबिया को बड़े अंतर से हराता है और न्यूजीलैंड रविवार को अफगानिस्तान से हार जाता है, तो भारत सेमीफाइल में पहुंच सकता है। इस स्थिति में भारत, अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के छह-छह अंक होंगे, लेकिन बेहतर नेट रन रेट होने पर भारत सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। मौजूदा समय में भारत का नेट रन रेट +0.073, न्यूजीलैंड का रन रेट +0.816 और अफगानिस्तान का रन रेट +1.481 का है।    

2. अगर न्यूजीलैंड की टीम अफगानिस्तान को हरा देती है तो भारत के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे बंद हो जाएंगे और न्यूजीलैंड अपने बाकी दोनों मैच जीतकर आठ अंकों के साथ सेमीफाइल में पहुंच जाएगा। इस स्थिति में रन रेट का भी कोई असर नहीं होगा। भारत के छह अंक रहेंगे और अफगानिस्तान के चार अंक रहेंगे। ये दोनों टीमें सेमीफाइनल से बाहर हो जाएंगी।

3. अगर अफगानिस्तान न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराता है तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। इस स्थिति में भी भारत, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के छह अंक होंगे, लेकिन बेहतर रन रेट के आधार पर अफगान टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। वहीं पाकिस्तान का सेमीफाइनल में पहुंचना पहले ही तय हो चुका है। 

भारत का शेड्यूल अब क्या है?

भारत को अब 5 नवंबर को स्कॉटलैंड से और 8 नवंबर को नामीबिया से भिड़ना है। भारत को अगर सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखनी हैं तो ये सभी मैच बड़े अंतर से जीतने होंगे। अब विराट कोहली टॉस जीतकर गेंदबाजी कर सकते हैं और बड़ा स्कोर खड़ा करके ज्यादा रनों से विपक्षी टीम को हराने की कोशिश कर सकते हैं। वहीं लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को कम से कम विकेट गंवाकर जीत हासिल करनी होगी।   

दूसरे नंबर पर रहे तो दूसरे ग्रुप की टॉप टीम से भिड़ना होगा

भारत के दूसरे स्थान पर रहने पर उन्हें ग्रुप-1 की टॉप पर रहने वाली टीम से भिड़ना होगा। ग्रुप-1 में इंग्लैंड इसकी प्रबल दावेदार है। इस टीम का पहले नंबर पर रहना तय माना जा रहा है। इंग्लैंड अब तक अपने चारों मैच जीत चुका है और कई बार बड़े अंतर से जीत हासिल की है। अब सिर्फ दक्षिण अफ्रीका ही इंग्लैंड को चुनौती दे सकता है। भारत इंग्लैंड को वार्म अप मैच में हरा चुका है। ऐसे में टीम एकबार फिर उन्हें हराकर टीम इंडिया फाइनल में जगह बना सकती है।

Tags: