म्यूनिख: इंग्लैंड के स्टार स्ट्राइकर हैरी केन ने जर्मन फुटबॉल लीग बुंडेसलीगा में नया इतिहास रच दिया है। बायर्न म्यूनिख के लिए खेलते हुए केन बुंडेसलीगा में सबसे तेजी से 100 गोल पूरे करने वाले खिलाड़ी बन गए। उन्होंने यह उपलब्धि अपने 98वें लीग मुकाबले में हासिल की। इससे पहले यह रिकॉर्ड डाइटर मुलर के नाम था, जिन्होंने 129 मुकाबलों में 100 गोल पूरे किए थे।
शुक्रवार को एलियांज एरेना में यूनियन बर्लिन के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बायर्न म्यूनिख ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7-0 से बड़ी जीत दर्ज की। हैरी केन ने मैच में दो गोल दागे और उनके बुंडेसलीगा गोल की संख्या 101 हो गई। वहीं माइकल ओलिसे ने शानदार हैट्रिक लगाकर बायर्न की जीत में बड़ी भूमिका निभाई।
मुकाबले में बायर्न ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। 18वें मिनट में जमाल मुसियाला ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 39वें मिनट में बायर्न को पेनल्टी मिली। हैरी केन ने इसे गोल में बदलकर अपना ऐतिहासिक 100वां बुंडेसलीगा गोल पूरा किया। 43वें मिनट में ओलिसे ने गोल दागकर हाफ टाइम तक स्कोर 3-0 कर दिया।
दूसरे हाफ में भी बायर्न का दबदबा जारी रहा। 54वें मिनट में ओलिसे के क्रॉस पर केन ने हेडर के जरिए अपना दूसरा गोल किया। इसके साथ ही बुंडेसलीगा में उनके कुल 101 गोल हो गए। इसके बाद इस्माइल साइबारी ने 70वें मिनट में गोल किया। ओलिसे ने 73वें और 76वें मिनट में लगातार दो गोल करते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की और स्कोर 7-0 कर दिया।
केन ने बुंडेसलीगा में 100 गोल का आंकड़ा 98 मैचों में पूरा कर पुराने रिकॉर्ड को 31 मुकाबलों के अंतर से तोड़ा है। आधिकारिक बुंडेसलीगा के मुताबिक, 2023 में जर्मनी आने के बाद केन ने लीग में औसतन प्रत्येक 78.5 मिनट में एक गोल किया है।
बायर्न म्यूनिख के लिए यह जीत भी बेहद अहम रही। मैचडे-4 में मिली इस बड़ी जीत ने टीम के शानदार आक्रामक प्रदर्शन को दिखाया, जबकि हैरी केन और माइकल ओलिसे मुकाबले के प्रमुख सितारे रहे। केन का रिकॉर्ड और ओलिसे की हैट्रिक इस 7-0 की जीत को बायर्न के लिए यादगार बना गई।
Tags: