Bhubaneswarभुवनेश्वर: कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से भारत ने मंगलवार को यहां एफआईएच प्रो लीग के घरेलू चरण का सकारात्मक अंत करते हुए इंग्लैंड को 2-1 से हरा दिया। सोमवार को पहले चरण में भारतीय टीम रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड से 2-3 से हार गई थी। हालांकि, मेजबान टीम ने कलिंगा स्टेडियम में अंतिम घरेलू चरण के खेल में जोरदार वापसी की और विजयी हुई। हरमनप्रीत ने 26वें और 32वें मिनट में गोल किए, जबकि कॉनर विलियमसन ने 30वें मिनट में इंग्लैंड के लिए गोल किया।
पहला क्वार्टर गोलरहित रहा, हालांकि भारत ने इंग्लैंड की रक्षापंक्ति को भेदने की पूरी कोशिश की। दूसरे क्वार्टर में हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला, जिसके बाद विलियमसन ने तीसरे क्वार्टर में गोल करके बराबरी हासिल की और दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर थीं। हालांकि, घरेलू टीम और उसके प्रशंसकों के लिए बहुत खुशी की बात यह रही कि कप्तान हरमनप्रीत ने भारत को फिर से बढ़त दिलाने में मदद की। यह गोल भी पेनल्टी कॉर्नर से आया और भारत की जीत की संभावना प्रबल हो गई। भारत ने खेल के शेष समय में अपनी बढ़त बनाए रखी और विजयी हुआ तथा अपने घरेलू चरण के अभियान का अंत पांच जीत और तीन हार के साथ किया।
Tags: