Sports खेल : पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फ़ातिमा सना भारत के विश्व कप विजेता कप्तान एमएस धोनी से प्रेरणा लेती हैं और उनकी तरह 'कैप्टन कूल' बनने की ख्वाहिश रखती हैं। वह इस महीने के अंत में होने वाले 50 ओवरों के विश्व कप में अपनी टीम की अगुवाई करने के लिए तैयार हैं।
30 सितंबर से शुरू होने वाले महिला विश्व कप की मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर कर रहे हैं। बीसीसीआई और पीसीबी के बीच हुए समझौते के बाद पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा।
अप्रैल में हुए क्वालीफायर में अजेय रही पाकिस्तान टीम 2 अक्टूबर को कोलंबो में बांग्लादेश के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। फ़ातिमा ने विश्व कप से पहले पीटीआई भाषा को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में कप्तानी करते समय शुरुआत में थोड़ा नर्वस होना स्वाभाविक है, लेकिन मैं एक कप्तान के रूप में महेंद्र सिंह धोनी से प्रेरणा लेती हूँ।"
उन्होंने कहा, "मैंने भारत और चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तान के तौर पर उनके मैच देखे हैं। मैदान पर उनके फैसले लेने का तरीका, उनका धैर्य और जिस तरह से वह अपने खिलाड़ियों का समर्थन करते हैं, उससे बहुत कुछ सीखा जा सकता है। जब मुझे कप्तानी मिली, तो मैंने सोचा कि मुझे धोनी जैसा बनना है। मैंने उनके इंटरव्यू भी देखे और बहुत कुछ सीखा।"