IND Vs ENG T20 Series: इंडिया के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में 8 रन से हार का सामना करने के बाद इंग्लैंड की टीम को एक और बड़ा झटका लगा है. इंग्लैंड की टीम को चौथे टी20 मैच में स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया है. इसी वजह से पूरी इंग्लिश टीम पर जुर्माना लगा है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने इंग्लैंड की टीम पर जुर्माना लगने की जानकारी दी.


आईसीसी के मुताबिक इंग्लिश टीम पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है. आईसीसी के एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने पाया कि इयोन मोर्गन की टीम निर्धारित समय में एक ओवर कम फेंक सकी थी.

प्लेयर्स और प्लेयर सपोर्ट पर्सन के लिए आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, खिलाड़ियों को उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना देना होगा क्योंकि वे आवंटित समय में ओवर पूरे करने में विफल रहते हैं.

इंग्लैंड ने स्वीकार किया जुर्माना

इंग्लैंड की टीम के कप्तान इयोन मोर्गन ने जुर्माने को स्वीकार कर लिया है. इस मामले पर आगे कोई सुनवाई नहीं होगी. चौथे मुकाबले के ऑन फील्ड अंपायर केएन अनंतपद्मनाभन, नितिन मेनन ने मैच रेफरी के सामने इंग्लैंड की टीम के द्वारा धीमी गति से ओवर डालने की शिकायत की थी.

बता दें कि चौथे मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था. इंडिया ने 20 ओवर में इंग्लैंड के सामने 186 रन की चुनौती रखी. लेकिन बेहद ही रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड 20 ओवर में 177 रन बना पाई और उसने मैच को 8 रन से गंवा दिया. इंडिया चौथे मैच में जीत दर्ज कर सीरीज को 2-2 से बराबर करने में कामयाब रहा. इंडिया और इंग्लैंड के बीच सीरीज का निर्णायक मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा.


Tags: