धोनी अब नहीं खेलेंगे IPL, CSK में मिली नई भूमिका, करोड़ों फैंस का दिल टूटा
नई दिल्ली: महेंद्र सिंह धोनी अब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए नए अवतार में नजर आएंगे. IPL 2027 से पहले फ्रेंचाइजी ने धोनी को टीम का मेंटर (Team Mentor) नियुक्त किया है. CSK ने इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है. इसके साथ ही धोनी के बतौर खिलाड़ी करियर पर भी विराम लग गया है.
चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने ऐलान में कहा है कि धोनी इस नई भूमिका के साथ एक नए अध्याय (New Chapter) की शुरुआत करेंगे. यानी अब वह खिलाड़ी के तौर पर नहीं, बल्कि टीम में मेंटर की जिम्मेदारी निभाते हुए नजर आएंगे.
धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का रिश्ता बेहद खास रहा है. उनकी कप्तानी में टीम ने कई यादगार सफलताएं हासिल की हैं. अब IPL 2027 में धोनी की भूमिका बदलने जा रही है. वह टीम के खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी के साथ मेंटर के तौर पर जुड़ेंगे. फ्रेंचाइजी के मालिकों और मैनेजिंग डायरेक्टर ने इस मौके पर धोनी के योगदान को याद करते हुए भावुक बयान दिए.
चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने कहा, 'महेंद्र सिंह धोनी के बिना CSK नहीं है. करीब दो दशक से हम उनके साथ इस सफर में आगे बढ़े हैं. इस दौरान हमने जीत, मुश्किलें और हर तरह के उतार-चढ़ाव देखे हैं. हमारे रिश्ते की मजबूती की सबसे बड़ी वजह यह है कि हम एक-दूसरे की नीयत पर सवाल नहीं उठाते. इसी भरोसे ने इस सफर को मुमकिन बनाया.'
उन्होंने 2008 में धोनी को चेन्नई से जोड़ने के फैसले को भी याद किया. श्रीनिवासन ने कहा, '2008 में मैंने जोर दिया था कि धोनी CSK का हिस्सा होने चाहिए. यह मेरे सबसे अच्छे फैसलों में से एक साबित हुआ. ऐसा सिर्फ फ्रेंचाइजी के लिए उनकी उपलब्धियों की वजह से नहीं, बल्कि वह जिस तरह के इंसान हैं, उसकी वजह से भी है. धोनी हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे. CSK हमेशा उनका घर रहेगा.'
CSK की मालिक रूपा गुरुनाथ ने धोनी को लेकर कहा कि उनके जैसा खिलाड़ी जिंदगी में एक बार ही आता है. उन्होंने कहा, 'हम खुशकिस्मत हैं और उनके आभारी हैं कि धोनी शुरुआत से ही CSK के साथ रहे. उन्होंने इस टीम की नींव रखी.'
उन्होंने आगे कहा, 'धोनी सिर्फ CSK के दिग्गज खिलाड़ी नहीं हैं. मैदान के अंदर और बाहर उन्होंने हमें जो दिया है, उसका कोई हिसाब नहीं लगाया जा सकता. उनकी कप्तानी, विनम्रता, प्रतिबद्धता और करोड़ों प्रशंसकों से जुड़ने का उनका अंदाज बेहद खास है. उन्होंने ऐसी विरासत बनाई है और हमें ऐसी यादें दी हैं, जिन्हें हम जिंदगीभर संजोकर रखेंगे.'
रूपा गुरुनाथ ने बताया कि मेंटर के तौर पर धोनी टीम के साथ जुड़े रहेंगे. उन्होंने कहा कि बदलाव के इस दौर में उनका अनुभव और विशेषज्ञता बेहद अहम होगी. टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं और धोनी का मार्गदर्शन CSK की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करेगा.
CSK के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने कहा कि धोनी ने बतौर क्रिकेटर जो हासिल किया है, वह हर प्रशंसक की यादों में दर्ज है. लेकिन उन्हें खास बनाने वाली बात यह रही कि वह पूरी तरह चेन्नई का हिस्सा बन गए. उन्होंने शहर को अपनाया और शहर ने भी उन्हें अपना बना लिया.
विश्वनाथन ने कहा, 'जब हम पीछे मुड़कर देखेंगे तो ट्रॉफियां याद आएंगी, लेकिन यह भी याद रहेगा कि हमने उन्हें किस अंदाज में जीता. यही धोनी की असली विरासत है.'
उन्होंने आगे कहा कि मैदान पर पीली जर्सी में धोनी को नहीं देख पाना खलेगा, लेकिन खुशी है कि वह खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे. उनके मुताबिक, CSK के साथ धोनी का रिश्ता आगे भी मजबूत होगा और आने वाले कई सालों तक टीम को आकार देने में उनकी भूमिका रहेगी.
महेंद्र सिंह धोनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को 5 IPL खिताब दिलाए हैं. यह किसी भी कप्तान के संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा IPL खिताब हैं. इसके अलावा उनकी कप्तानी में CSK ने 2 चैंपियंस लीग T20 ट्रॉफी भी जीतीं. किसी कप्तान के नाम इस टूर्नामेंट में इतने खिताब नहीं हैं.
बल्लेबाजी में भी धोनी का रिकॉर्ड शानदार रहा है. वह CSK के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उनके नाम 5,314 रन दर्ज हैं. वहीं, 272 मुकाबलों के साथ वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं. आखिरी गेंद पर मैच जिताने वाले उनके अनगिनत कारनामे और हेलीकॉप्टर शॉट CSK और IPL की यादों का खास हिस्सा हैं.
धोनी की पहचान सिर्फ उनके आंकड़ों और खिताबों तक सीमित नहीं रही. वह क्रिकेट और चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी से कहीं आगे बढ़कर फ्रेंचाइजी की पहचान बन चुके हैं.
मैच के आखिरी ओवरों में जब प्रशंसकों की सांसें थम जाती थीं, तब धोनी का शांत स्वभाव टीम के लिए भरोसे की वजह बनता था. उनकी बिजली जैसी तेज स्टंपिंग बल्लेबाजों को चौंका देती थी. वहीं, मैदान पर उनके अलग और अप्रत्याशित फैसलों ने करोड़ों प्रशंसकों को उनसे जोड़े रखा.
अब चेन्नई सुपर किंग्स को धोनी के नए अवतार का इंतजार है. IPL 2027 से वह खिलाड़ी के बजाय मेंटर के तौर पर टीम को अपनी सेवाएं देंगे और CSK की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करेंगे.
एमएस धोनी ने अपने IPL करियर में 278 मैच खेले और 242 पारियों में 5,439 रन बनाए. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 रहा. धोनी का सर्वोच्च स्कोर नाबाद 84 रन रहा. उन्होंने 24 अर्धशतक लगाए, लेकिन IPL में कभी शतक नहीं जड़ सके. उनके बल्ले से 375 चौके और 264 छक्के निकले.
धोनी की पहचान सिर्फ उनकी बल्लेबाजी तक सीमित नहीं रही. विकेट के पीछे भी उन्होंने अपनी छाप छोड़ी. IPL करियर में उन्होंने 158 कैच लपके और 47 बल्लेबाजों को स्टंप आउट किया. वह 100 पारियों में नाबाद लौटे. अब खिलाड़ी के तौर पर उनके IPL सफर का अंत हो गया है और वह चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर की नई भूमिका में नजर आएंगे.