Sports खेल : भारत की लोकप्रिय पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने चल रहे चाइना ओपन के फाइनल में जगह बना ली है।
भारतीय जोड़ी ने शनिवार को आरोन चिया और सोह वूई यिक की चीनी जोड़ी के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में दबदबा बनाते हुए उन्हें दो गेमों के एक प्रभावशाली मुकाबले में 41 मिनट के भीतर 21-17, 21-14 से हरा दिया।
वे कल फाइनल में खेलेंगे, जबकि दूसरा पुरुष युगल सेमीफाइनल अभी बाकी है। यह सात्विकसाईराज-चिराग का इस सीज़न का दूसरा फाइनल है और वे हाल ही में आयोजित हांगकांग ओपन खिताब से चूकने की निराशा की भरपाई करना चाहेंगे। दो हफ्तों में यह उनका दूसरा फाइनल है। हांगकांग ओपन में, वे चीन के लियांग वेइकेंग और वांग चांग से 21-19, 14-21 और 17-21 से हार गए थे।
सात्विक-चिराग की जोड़ी ने शुक्रवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में चीन के रेन जियांग यू और झी हाओनान को 38 मिनट में 21-14, 21-14 से हराकर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। 'सात-ची' के नाम से मशहूर इस जोड़ी ने अगस्त में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था, जो इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उनका लगातार दूसरा पदक था। उन्होंने इस साल बैडमिंटन विश्व महासंघ (BWF) विश्व टूर का कोई खिताब नहीं जीता है, उनकी आखिरी जीत पिछले साल मई में थाईलैंड ओपन में हुई थी।