राफेल जोदार को हराकर बेन शेल्टन ने कटाया सेमीफाइनल का टिकट
22 साल बाद अमेरिकी टेनिस में इतिहास
ट्यूरिन: ATP वेबसाइट के अनुसार, गुरुवार को ट्यूरिन में खेले गए राउंड-रॉबिन मुकाबले में अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी बेन शेल्टन ने स्पेन के राफेल जोडार को 7-6(8), 7-5 से हराकर 'निटो ATP फाइनल्स' के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
इस जीत के साथ राउंड-रॉबिन चरण में शेल्टन का रिकॉर्ड 2-1 हो गया। हालांकि, सेमीफाइनल (अंतिम चार) में उनका पहुंचना तब पक्का हुआ, जब दिन के बाद के सत्र में अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने आर्थर फिल्स के खिलाफ अपने मैच का पहला सेट जीत लिया।
इसके परिणामस्वरूप, ज्वेरेव के बाद शेल्टन दूसरे स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गए। ज्वेरेव पहले ही 'जॉन मैकेनरो ग्रुप' में शीर्ष स्थान हासिल कर चुके थे। टूर्नामेंट में पहली बार खेल रहे जोडार का सफर तीन हार के साथ समाप्त हुआ और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
ATP वेबसाइट के अनुसार, कोर्ट पर दिए गए इंटरव्यू में अपनी जीत के बारे में शेल्टन ने कहा, "यह वाकई बहुत मुश्किल था। वह एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। उनके पास कई तरह के शॉट्स हैं और वे एक बहुत ही कड़े प्रतिद्वंद्वी हैं। मुझे पता था कि यह मैच आसान नहीं होने वाला है। पहले सेट में कुछ मुश्किल पलों से उबरकर, खासकर जब मैं ब्रेक पॉइंट्स से पीछे था, टाई-ब्रेक तक पहुंचना मेरे लिए खुशी की बात रही।"
"जब मैं टाई-ब्रेक में पहुंचा, तो मुझे काफी आत्मविश्वास महसूस हुआ। दूसरा सेट काफी चुनौतीपूर्ण रहा; मैं एक ब्रेक से आगे था, लेकिन फिर उसे गंवा दिया। हालांकि, मुझे लगता है कि मैंने अच्छा संघर्ष किया और एक कड़ा मुकाबला पेश किया।" उन्होंने कहा, "5-5 वाला गेम बहुत कड़ा मुकाबला था, और मुझे खुशी है कि मैं जीत हासिल कर सका।"
सीजन के आखिरी टूर्नामेंट में दूसरी बार हिस्सा ले रहे शेल्टन ने अपने अभियान की शुरुआत फिल्स के खिलाफ जीत के साथ की थी, लेकिन फिर उन्हें ज्वेरेव से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने जोडार के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए वापसी की और अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की।
24 वर्षीय शेल्टन, एंडी रॉडिक के बाद 'निट्टो एटीपी फाइनल्स' के सेमीफाइनल में पहुंचने वाले सबसे युवा अमेरिकी खिलाड़ी बन गए हैं। रॉडिक ने 2004 में 22 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।
एटीपी वेबसाइट के अनुसार, पहले सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। अंत में, एक लंबे टाई-ब्रेक में शेल्टन ने बाजी मारी। अमेरिकी खिलाड़ी ने दबाव से निपटने के लिए अपनी दमदार सर्विस का सहारा लिया। उन्होंने दो सेट पॉइंट बचाए और फिर अपने दूसरे मौके को भुनाते हुए बढ़त बना ली, जब जोडार का फोरहैंड शॉट कोर्ट के बाहर चला गया।
दूसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच बेसलाइन से कई कड़े मुकाबले हुए, जिसमें शेल्टन 4-2 से आगे हो गए। हालांकि, जोडार ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 5-5 से बराबर कर दिया। उन्होंने वही जज्बा दिखाया, जो इस सीजन में उनके शानदार प्रदर्शन की पहचान रहा है।
मैच के अंतिम पलों में शेल्टन ने संयम बनाए रखा। उन्होंने 11वें गेम में जोडार की सर्विस ब्रेक की, जिसके लिए उन्होंने स्पेनिश खिलाड़ी को पूरे कोर्ट में दौड़ने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद अपनी सर्विस पर उन्होंने मैच जीत लिया। इस तरह उन्होंने दो घंटे सात मिनट में 7-6(8), 7-5 से जीत दर्ज की।
टूर्नामेंट से बाहर होने के बावजूद, जोडार के लिए यह सीजन बहुत शानदार रहा। 20 वर्षीय खिलाड़ी ने जनवरी में एटीपी रैंकिंग में 168वें स्थान से शुरुआत की थी और नवंबर तक वे टॉप 10 में पहुंच गए।