आईसीसी की बोर्ड मीटिंग में एशिया कप ट्रॉफी चोरी का मुद्दा उठाएगा BCCI

Update: 2025-10-22 11:41 GMT

एशिया कप 2025 में खिताबी जीत के बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने ट्रॉफी नहीं उठाई थी. भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चीफ मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. इसके बाद नकवी ट्रॉफी लेकर चले गए थे. बाद में ये ट्रॉफी एसीसी के ऑफिस में रख दी गई.

भारतीय टीम को अब तक एशिया कप ट्रॉफी हासिल नहीं हुई है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अब मोहसिन नकवी की शिकायत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से करने का फैसला किया है. आईसीसी की बोर्ड मीटिंग 4 से 7 नवंबर तक दुबई में होने वाली है, जहां बीसीसीआई पूरे मामले को उठाएगा.

बीसीसीआई के एक टॉप सूत्र ने बताया 'चूंकि एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष अब भी अपनी जिद पर अड़े हुए हैं, इसलिए हम इस मुद्दे को ICC की बैठक में उठाएंगे. हम उनके जवाब को स्वीकार नहीं करेंगे, जो उन्होंने ट्रॉफी हैंडओवर के संबंध में दिया है.' बीसीसीआई ने मोहसिन नकवी को आधिकारिक रूप से ईमेल भेजकर एशिया कप ट्रॉफी जल्द से जल्द भारत को सौंपने को कहा था, लेकिन एसीसी चीफ नकवी की अकड़ कम नहीं हुई.

एसीसी प्रमुख मोहसिन नकवी ने बीसीसीआई को अपने जवाब में कहा था कि ट्रॉफी एसीसी के ऑफिस से ली जा सकती है. लेकिन इसके लिए बीसीसीआई के अधिकारी या खिलाड़ी को आकर उनसे ट्रॉफी लेनी होगी. नकवी ने जवाब में कहा था, 'ट्रॉफी दुबई ऑफिस से ली जा सकती है. बीसीसीआई का कोई अधिकारी या खिलाड़ी वहां आकर एसीसीस प्रमुख से ट्रॉफी प्राप्त कर सकता है.'

Tags:    

Similar News