IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया ने पहले मैच में भारत को हराया, तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त
India vs Australia 1st ODI: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 19 अक्टूबर (रविवार) को पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में खेला गया. इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सात विकेट से जीत हासिल की थी. मुकाबले में भारत ने निर्धारित 26 ओवर्स में 9 विकेट पर 136 रन बनाए. हालांकि डीएलएस नियम के तहत ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 131 रन ही बनाने थे. ऑस्ट्रेलिया ने 21.1 ओवरों में ही टारगेट हासिल कर लिया.
बतौर वनडे कप्तान शुभमन गिल का ये पहला ओडीआई मैच रहा. वही पैट कमिंस की अनुपस्थिति में मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. इस मुकाबले के जरिए टीम इंडिया के दो दिग्गज विराट कोहली और रोहित शर्मा की भी मैदान पर वापसी हुई. हालांकि ये वापसी दोनों के लिए यादगार नहीं रही.
टारगेट का पीछा करने उतरी कंगारू टीम को पहला झटका अर्शदीप सिंह ने दिया. अर्शदीप ने ट्रेविस हेड को हर्षित राणा के हाथों कैच आउट कराया, जो केवल 8 रन बना सके. इसके बाद मार्श ने नाबाद पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया का काम आसान कर दिया.
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. भारतीय टीम को पहला झटका चौथे ही ओवर में 13 रनों के स्कोर पर लग गया. रोहित शर्मा को जोश हेजलवुड ने दूसरी स्लिप पर मैथ्यू रेनशॉ के हाथों कैच आउट कराया. रोहित ने एक चौके की मदद से 14 गेंदों पर 8 रन बनाए. फिर विराट कोहली को तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने बैकवर्ड प्वाइंट पर कूपर कोनोली के हाथों कैच आउट कराकर भारत को दूसरा झटका दिया. कोहली ने आठ गेंदों का सामना किया और वो अपना खाता नहीं खोल सके. वहीं कप्तान शुभमन गिल (10 रन) को नाथन एलिस ने चलता कर दिया.
बारिश के लंबे खलल के बाद जब खेल शुरू हुआ, तो जोश हेजलवुड ने श्रेयस अय्यर (11 रन) को आउट कर दिया. फिर केएल राहुल और अक्षर पटेल की सधी पारियों के दम पर भारतीय टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही. राहुल ने दो चौके और दो छक्के की मदद से 31 बॉल 38 रन बनाए. वहीं अक्षर पटेल ने 3 चौके की सहायता से 38 गेंदों पर 31 रनों का योगदान दिया. नीतीश ने भी नाबाद 19 रन बनाकर भारतीय इनिंग्स को फिनिशिंग टच दिया. ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड, मैथ्यू कुह्नमैन और मिचेल ओवेन ने दो-दो विकेट अपने नाम किए.