रोहित चमोली ने रविवार को दुबई में चल रही एशियाई युवा और जूनियर मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। राष्ट्रीय चैंपियन रोहित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंगोलिया के बॉक्सर ओटगोनबयार तुवशिंजया को 3-2 से हराया। उधर, भारत जून ने (+81 किग्रा) भी कजाकस्तान के मुक्केबाज को 5-0 से हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। वहीं, गौरव सैनी ने 70 किग्रा भारवर्ग में रजत पदक जीता। उन्हें उज्बेकिस्तान के मुक्केबाज बोलाटेव के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। बोलाटेव ने सैनी को 5-0 से हराया।






इनके अलावा मुस्कान (46 किग्रा), विशु राठी (48 किग्रा), तनु (52 किग्रा), आंचल सैनी (57 किग्रा), निकिता (60 किग्रा), माही राघव (63 किग्रा), रुद्रिका (70 किग्रा), प्रांजल यादव (75 किग्रा), संजना (81 किग्रा) और कीर्ति (+81 किग्रा) देश की 10 मुक्केबाज हैं, जो लड़कियों के वर्ग में फाइनल में पहुंची हैं। गौरतलब है कि भारत जूनियर स्पर्धा में पहले ही छह कांस्य पदक जीत चुका है, जिसमें देविका घोरपड़े (50 किग्रा), आरज़ू (54 किग्रा) और सुप्रिया रावत (66 किग्रा) ने लड़कियों के वर्ग में जबकि आशीष (54 किग्रा), अंशुल (57 किग्रा) और अंकुश (66 किग्रा)) ने लड़कों के वर्ग में पदक जीते। बता दें कि पिछली एशियाई जूनियर चैंपियनशिप 2019 में भारत 21 पदक (6 गोल्ड, 9 रजत और 6 ब्रॉन्ज) के साथ तीसरे स्थान पर रहा था।
Tags: