नई दिल्ली: भारत ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित 47वीं वर्ल्ड आर्मरेसलिंग और 28वीं वर्ल्ड पैरा आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 59 पदक जीते।
भारत में पहली बार आयोजित इस चैंपियनशिप में 60 से अधिक देशों के 1,700 से ज्यादा एथलीट, अधिकारी और समर्थक नई दिल्ली पहुंचे।
रूस ओवरऑल चैंपियन रहा, जबकि कजाकिस्तान दूसरे और तुर्की तीसरे स्थान पर रहा। छह एथलीटों ने दोनों हाथों से सीनियर गोल्ड मेडल जीते: मेलेक सेलिक और एसरा किराज़ (तुर्की), उलबोसिन एल्मुरात और येरदुआलेट नूरमाखान (कजाकिस्तान), तथा इरिना ड्रियाएवा और तेंगिज़ी नत्सविलीश्विली (जॉर्जिया)।
भारत ने कुल 59 पदक (9 स्वर्ण, 19 रजत, 31 कांस्य) जीते। इसमें पैरा एथलीटों का योगदान 26 पदकों (2 स्वर्ण, 10 रजत, 14 कांस्य) का रहा, जिससे भारत पैरा मेडल तालिका में पांचवें स्थान पर रहा। सब-जूनियर, जूनियर और यूथ एथलीटों ने 20 पदक (3 स्वर्ण, 8 रजत, 9 कांस्य) जीते, जबकि मास्टर्स और ग्रैंड मास्टर्स ने 12 पदक (4 स्वर्ण, 1 रजत, 7 कांस्य) हासिल किए। सीनियर वर्ग में भारत ने एक कांस्य पदक जीता।
जिंसीमोल सेबेस्टियन ने ग्रैंड मास्टर महिला 80 किग्रा वर्ग में दोनों हाथों से जीत हासिल की। योगेश चौधरी और शौकत वीटी ने क्रमशः राइट-आर्म में स्वर्ण और लेफ्ट-आर्म में कांस्य पदक जीता। सीनियर फाइनल में, मधुरा के.एन. ने महिला 70 किग्रा राइट-आर्म वर्ग में कांस्य पदक जीता।
शुक्रवार को पूर्वी दिल्ली के 'द लीला एम्बिएंस कन्वेंशन होटल' में समापन समारोह आयोजित किया गया। इसमें कोस्टा रिका गणराज्य के राजदूत नेस्टर गेब्रियल बाल्टोडानो वर्गास, भारत में रोमानिया की राजदूत सेना लतीफ, और भारत में जॉर्जिया के राजदूत वख्तंग जाओशविली शामिल हुए। 29 अक्टूबर से 6 नवंबर, 2026 तक चली इस चैंपियनशिप की मेज़बानी वर्ल्ड आर्मरेसलिंग फेडरेशन (WAF) के अंतर्गत पीपल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (PAFI) ने की।
आर्मरेसलिंग फेडरेशन ऑफ अफ्रीका (AFA) के अध्यक्ष और वर्ल्ड आर्मरेसलिंग फेडरेशन (WAF) के उपाध्यक्ष, चार्ल्स ओसेई असिबे ने कहा, "भारत ने एक मेज़बान के तौर पर एक नया मानक स्थापित किया है। यहाँ के आयोजन, मेहमाननवाज़ी और दर्शकों के जोश ने इसे एक ऐसी चैंपियनशिप बना दिया है जिसे हर महाद्वीप याद रखेगा।"
PAFI की अध्यक्ष, AAF की उपाध्यक्ष और प्रो पंजा लीग की सह-संस्थापक, प्रीति झंगियानी ने कहा, "हमने दुनिया के सबसे मज़बूत खिलाड़ियों का भारत में स्वागत किया, और आज रात हम एक आर्मरेसलिंग परिवार के रूप में उन्हें विदा कर रहे हैं। हमारे खिलाड़ियों ने अपनी ज़मीन पर देश का मान बढ़ाया है। यह वर्ल्ड चैंपियनशिप हर उस भारतीय खिलाड़ी, कोच और अधिकारी की है, जिसने इस खेल पर भरोसा जताया।"
प्रो पंजा लीग के सह-संस्थापक, परवीन डबास ने कहा, "हमारे खिलाड़ियों ने दुनिया को दिखा दिया है कि भारतीय आर्मरेसलिंग सबसे बड़े मंच पर और अपने घरेलू दर्शकों के सामने क्या कर सकती है। भारत में वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेज़बानी करना 'पंजा' के लिए एक सपना था; अब यह एक ऐसा बेंचमार्क बन गया है, जिसे हम आगे और बेहतर बनाते रहेंगे।"
अगले साल वर्ल्ड आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप कनाडा में आयोजित होगी। भारत में, 28 नवंबर 2026 को पुणे में 'प्रो पंजा लीग पूनावाला गोल्ड एडिशन II' का आयोजन होगा, जिसमें वर्ल्ड चैंपियनशिप के पदक विजेता योगेश चौधरी, हरकोमल सिंह गिल और आभास राणा हिस्सा लेंगे।