FIFA पर आरोप, अर्जेंटीना-रोनाल्डो विवाद बढ़ा

Update: 2026-07-21 13:54 GMT

स्पोर्ट: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया, लेकिन टूर्नामेंट खत्म होने के बाद भी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अर्जेंटीना की फाइनल तक पहुंचने की यात्रा को लेकर सोशल मीडिया और फुटबॉल जगत में कई सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी बीच पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के एक सोशल मीडिया पोस्ट को लाइक करने के बाद यह विवाद और गहरा गया है।

स्पेन की जीत के बाद कुछ लोगों ने अर्जेंटीना के सफर पर सवाल खड़े किए हैं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि अर्जेंटीना को टूर्नामेंट में कुछ फैसलों का फायदा मिला और इसी वजह से टीम फाइनल तक पहुंचने में सफल रही। हालांकि, इन आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और फीफा की ओर से भी अर्जेंटीना के खिलाफ किसी तरह की मैच फिक्सिंग को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है।

विवाद उस समय बढ़ गया जब क्रिस्टियानो रोनाल्डो के वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट को लाइक किया गया। यह वीडियो स्पेनिश टीवी कार्यक्रम 'एस्पेजो पब्लिको' से जुड़ा था, जिसमें पत्रकार पिलार रोड्रिगेज लोसांतोस ने दावा किया था कि अर्जेंटीना को टूर्नामेंट से पहले ही बाहर हो जाना चाहिए था, लेकिन कथित तौर पर फीफा के फैसलों की वजह से टीम आगे बढ़ती रही।

इस वीडियो में फीफा पर भी गंभीर आरोप लगाए गए और उसे दुनिया की सबसे भ्रष्ट संस्थाओं में से एक बताया गया। रोनाल्डो ने इस लाइक को लेकर अभी तक कोई सफाई नहीं दी है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसका स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो गया है। इसके बाद फुटबॉल प्रशंसकों के बीच बहस छिड़ गई है कि क्या रोनाल्डो ने वास्तव में इन आरोपों का समर्थन किया है या यह सिर्फ एक सामान्य सोशल मीडिया गतिविधि थी।

अर्जेंटीना के टूर्नामेंट सफर पर नजर डालें तो टीम ने कई मुकाबलों में संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया। कई मैचों में टीम पिछड़ने के बाद वापसी करने में सफल रही। मिस्र के खिलाफ मुकाबला सबसे ज्यादा चर्चा में रहा, जहां अर्जेंटीना शुरुआत में 0-2 से पीछे थी, लेकिन आखिरी समय में शानदार वापसी करते हुए 3-2 से जीत दर्ज की।

इसके बाद नॉकआउट मुकाबलों में भी अर्जेंटीना का प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा। केप वर्डे के खिलाफ टीम ने एक्स्ट्रा टाइम में 3-2 से जीत हासिल की। वहीं स्विट्जरलैंड के खिलाफ भी अतिरिक्त समय में 3-1 से मुकाबला अपने नाम किया। सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अर्जेंटीना ने आखिरी मिनटों में गोल कर 2-1 से जीत दर्ज की और फाइनल में जगह बनाई।

इन्हीं मुकाबलों को लेकर कुछ फुटबॉल विशेषज्ञों और प्रशंसकों ने सवाल उठाए कि क्या अर्जेंटीना को कुछ अहम फैसलों का लाभ मिला। मिस्र के फुटबॉलर मुस्तफा जिको ने भी पहले दावा किया था कि कुछ मैचों में रेफरी के फैसले अर्जेंटीना के पक्ष में गए। उन्होंने टूर्नामेंट को लेकर सवाल उठाते हुए कहा था कि वर्ल्ड कप के नतीजे पहले से तय लग रहे हैं, हालांकि उनका दावा भी विवादों के घेरे में रहा।

फाइनल मुकाबले में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर सभी अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की। स्पेन की टीम ने पूरे मैच में मजबूत डिफेंस और शानदार रणनीति का प्रदर्शन किया। दूसरी ओर अर्जेंटीना के खिलाड़ियों में हार के बाद निराशा देखने को मिली और मुकाबले के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी, जिसकी जांच फीफा द्वारा किए जाने की बात सामने आई है।

फिलहाल अर्जेंटीना पर लगे मैच फिक्सिंग या फीफा से मदद मिलने के आरोप केवल चर्चाओं तक सीमित हैं। कोई आधिकारिक जांच या ठोस सबूत सामने नहीं आया है। लेकिन रोनाल्डो के एक सोशल मीडिया लाइक ने इस पुराने विवाद को फिर से हवा दे दी है और फुटबॉल जगत में नई बहस शुरू हो गई है।

Tags:    

Similar News