बड़ी खबर. भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाने वाले अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. रहाणे ने 30 जुलाई (गुरुवार) को इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने शानदार करियर को विराम देने की घोषणा की. रहाणे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान थे, लेकिन अब वो इस टी20 लीग में भी नहीं खेलेंगे. रहाणे ने साफ कहा कि वो क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले रहे हैं.
अजिंक्य रहाणे ने लिखा, 'कैप नंबर 278, अब यहीं विराम. वर्षों तक मिले प्यार और समर्थन के लिए आप सभी का धन्यवाद. मैं हमेशा आपका आभारी रहूंगा.' इस संदेश के साथ उन्होंने अपने प्रशंसकों, साथियों, कोचों और भारतीय क्रिकेट से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया.
अजिंक्य रहाणे उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में टीम इंडिया की कप्तानी की. उनकी कप्तानी का रिकॉर्ड भी शानदार रहा. टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने छह मैचों में भारत की कमान संभाली, जिसमें टीम ने चार मुकाबले जीते, जबकि दो मैच ड्रॉ रहे. खास बात यह रही कि उनकी कप्तानी में भारत को टेस्ट क्रिकेट में एक भी हार का सामना नहीं करना पड़ा. ओडीआई क्रिकेट में रहाणे ने तीन मैचों में कप्तानी की और तीनों में भारत को जीत दिलाई. वहीं टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने दो मुकाबलों में टीम की अगुवाई की, जिसमें भारत ने एक मैच जीता और एक में हार का सामना किया.
अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 एकदिवसीय और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. इस दौरान उन्होंने तीनों प्रारूपों को मिलाकर 8,414 रन बनाए. उनके बल्ले से 15 शतक और 51 अर्धशतक निकले.