क्रिकेट दिग्गजों के संग शुरू होगा एशियन लीजेंड्स लीग का नया अध्याय

Update: 2026-07-21 09:19 GMT

एशियन लीजेंड्स लीग (ALL): दूसरे सीजन को लेकर क्रिकेट फैंस में उत्साह बढ़ गया है। इस बार टूर्नामेंट का आयोजन पहली बार एशिया से बाहर होने जा रहा है। लीग का दूसरा सीजन 30 जुलाई से जाम्बिया की राजधानी लुसाका में शुरू होगा, जबकि इसका फाइनल मुकाबला 10 अगस्त को खेला जाएगा। टी20 फॉर्मेट में होने वाली इस लीग में भारत, श्रीलंका समेत कई एशियाई देशों के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी मैदान पर नजर आएंगे।

इस टूर्नामेंट में कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें इंडियन रॉयल्स, श्रीलंकन लायंस, बांग्लादेश टाइगर्स, अफगानिस्तान पठान्स, पाकिस्तान पैंथर्स और रेस्ट ऑफ एशियन स्टार्स शामिल हैं। क्रिकेट प्रेमियों को एक बार फिर पुराने सितारों का जलवा देखने का मौका मिलेगा। टूर्नामेंट का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा।

एशियन लीजेंड्स लीग के लीग कमिश्नर और पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा ने बताया कि यह सीजन लीग के सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि इस लीग की शुरुआत एशियाई क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों को एक मंच देने और क्रिकेट प्रेमियों को पुराने सितारों को फिर से खेलते देखने का मौका देने के उद्देश्य से की गई थी।

उन्होंने बताया कि मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों और लॉजिस्टिक चुनौतियों को देखते हुए इस बार टूर्नामेंट को जाम्बिया में आयोजित करने का फैसला लिया गया है। यह पहला मौका होगा जब एशियन लीजेंड्स लीग एशिया महाद्वीप से बाहर खेली जाएगी। हालांकि, आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि अगले सीजन से यह लीग फिर एशिया में लौटेगी।

टूर्नामेंट में कई बड़े नाम कप्तानी करते नजर आएंगे। भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली इंडियन रॉयल्स की कमान पूर्व भारतीय ऑलराउंडर यूसुफ पठान संभालेंगे। वहीं श्रीलंकन लायंस की कप्तानी थिसारा परेरा के हाथों में होगी। बांग्लादेश टाइगर्स की जिम्मेदारी शाकिब अल हसन संभालेंगे, जबकि अफगानिस्तान पठान्स की कप्तानी असगर अफगान करेंगे। पाकिस्तान पैंथर्स की कमान मोहम्मद हफीज और रेस्ट ऑफ एशियन स्टार्स की कप्तानी तिलकरत्ने दिलशान करेंगे।

इस लीग में कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अपनी प्रतिभा दिखाते नजर आएंगे। भारत से अंबाती रायुडू, नमन ओझा और ऋषि धवन जैसे खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। वहीं श्रीलंका से उपुल थरंगा, इसुरु उदाना, दानुष्का गुणाथिलका, दिलशान मुनावीरा और असेला गुणरत्ने जैसे खिलाड़ी खेलेंगे।

इसके अलावा पाकिस्तान के इमरान नजीर, सईद अजमल, उमर अकमल और यासिर शाह जैसे पूर्व सितारे भी टूर्नामेंट का हिस्सा होंगे। बांग्लादेश और अफगानिस्तान के कई पूर्व खिलाड़ी भी इस लीग में अपना अनुभव साझा करते नजर आएंगे।

आयोजकों का कहना है कि दूसरा सीजन पहले सीजन से बड़ा और ज्यादा प्रतिस्पर्धी होगा। इस लीग का उद्देश्य सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि एशियाई क्रिकेट की विरासत को आगे बढ़ाना भी है। पुराने दिग्गज खिलाड़ियों को एक साथ मैदान पर देखने का मौका मिलने से क्रिकेट फैंस के बीच इस टूर्नामेंट को लेकर खास उत्साह बना हुआ है।

एशियन लीजेंड्स लीग के जरिए क्रिकेट के पुराने सितारे एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और अनुभव का प्रदर्शन करेंगे। भारत और श्रीलंका समेत कई देशों के दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी से लुसाका में होने वाला यह टूर्नामेंट क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहने वाला है।

Tags:    

Similar News