साप्ताहिक राशिफल 3 से 9 मई : शुक्र का राशि परिवर्तन इन राशियों का चमकाएगा भाग्य, जानें अपना किस्मत

मई महीने के पहले हफ्ते में शुक्र का राशि परिवर्तन हो रहा है।

Update: 2021-05-03 11:37 GMT

मई महीने के पहले हफ्ते में शुक्र का राशि परिवर्तन हो रहा है। शुक्र अब अपनी राशि वृष में आ रहे हैं। यहां शुक्र और बुध दोनों इस हफ्ते साथ में रहेंगे। इन दोंनों ग्रहों के संयोग से आपके लिए मई का पहला हफ्ता कैसा रहेगा जानिए सद्गुरु स्वामी आनंदजी से….

मेष राशि: मित्र और सहयोगी काम आएंगे
आपकी राशि में शुक्र की उपस्थिति से सप्ताह बड़े आनंद और उल्लास में बीतेगा। ऐंद्रिक और भौतिक सुख बढ़ेगा। नींद अच्छी आएगी और कौशल निखरेगा। सूर्य की मौजूदगी अंतर्द्वंद को आकाश देगी। तबीयत नर्म रहेगी और स्वभाव गर्म रहेगा। छल-कपट से मुश्किलें खरपतवार सी बढ़ेंगी। आत्मविश्वास डगमगाएगा। कोशिशें थोड़ी देर से ही सही रंग लाएंगी। मित्र और सहयोगी काम आएंगे। यात्रा के नाम से सिहरन होगी। खर्च बढ़ेगा पर आर्थिक स्थिति के सबल होने से ज्यादा फर्क नही पड़ेगा। भाई की खुशी से अच्छा लगेगा। करियर में यह समय भेलपूरी की तरह मिश्रित रहेगा। सहयोगियों का विचित्र व्यवहार बेचैन कर सकता है। छात्रों को शिक्षा को लेकर बेचैनी हो सकती है। किसी शैक्षणिक प्रतियोगिता या परीक्षा के लिए स्वयं को तैयार करना होगा। अधीनस्थ कर्मचारियों के छुट्टी पर जाने से आपका बाजा बजेगा। कड़वी जिह्वा से मीठे परिणाम नहीं मिलेंगे। मधुर स्वभाव से प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।
शुभ रंग- मध्यम लाल, भगवा
शुभ अंक- 3, 9
वृष राशि: निवेश से लाभ की संभावना
आपकी राशि में बुध की उपस्थिति आपके चातुर्य को पंख लगाकर करियर में कमाल करेगी। जिह्वा में सरस्वती विराज कर आपकी वाणी से आपके जीवन में रंग भरेंगी। लोभ में फंसकर वादे से न मुकरें अन्यथा नुकसान हो जाएगा। अल्पकालिक निवेश से लाभ की संभावना है। राहु की मौजूदगी किसी बड़े व्यक्ति के रूठने या किसी तनाव के सृजन का संकेत दे रही हैं। संतान से किसी बात पर कहासुनी हो सकती है। किसी लाभ का योग है। सप्ताह के मध्य में ट्रेडिंग से फायदा होगा। किसी सही फैसले के कारण आपको चैन मिलेगा। आर्थिक जोखिम न लें। कारोबार मध्यम से बेहतर रहेगा। कानून से जुड़े लोगों की बल्ले बल्ले होगी। पिता के रूखे स्वभाव से खीज होगी। विपरीत लिंगी से लाभ होगा। किसी करीबी व्यक्ति से मनमुटाव मुमकिन है। यात्रा के पूर्व नियोजित कार्यक्रम पर बदलाव की तलवार लटकेगी।
शुभ रंग- रूपहला
शुभ अंक- 6
मिथुन राशि: सेहत में सुधार आएगा
आपकी राशि में मंगल की उपस्थिति इस सप्ताह आपको मिले-जुले फलों से सराबोर कर रही है। आपकी मां का तप्त या अस्थिर स्वभाव परेशान कर सकता है। छोटे भाई-बहन की स्वास्थ्य समस्या पहले आपको बेचैन कर सकती है और बाद में स्वास्थ्य में सुधार की खबर से राहत मिलेगी। संतान की एकाग्रता में कमी से पढ़ाई उलझन हो सकती है। इस सप्ताह तथाकथित विरोधियों या पूर्व समर्थकों की विचित्र विचारधारा और अजीब आचरण कष्ट देगा। सच बोलने से ही लाभ होगा। मिथ्या भाषण आपको झमेले में उलझाएगा। जीवनसाथी के साथ आपके संबंध किसी चाट की तरह मीठे-तीखे, खट्टे रसों के प्रेम से सराबोर रहेंगे। सेहत को लेकर सतर्क रहें। वैक्सीन के बाद मामूली स्वास्थ्य समस्या दिमाग में विकराल लगेगी। सेना, चिकित्सक या इंजीनियरिंग से जुड़े लोगों को विशेष लाभ होगा। विवेक का इस्तेमाल अनिवार्य है। कठोर वचनों पर काबू रखें नहीं तो आपको ही समस्या हो सकती है।
शुभ रंग- गहरा हरा
शुभ अंक- 5
कर्क राशि: आत्मिक ज्ञान का बोध होगा
इस सप्ताह शनि की दृष्टि से आपको आत्मिक ज्ञान का बोध होगा। गुरु की शरण में शांति अंतर्मन में हिलोरें लेगी पर अत्यधिक चिंतन-मनन से सिर दर्द हो सकता है। शेयर बाजार या शॉर्ट टर्म ट्रेडिंग से लाभ होगा। सप्ताह के आरंभ में किसी काम को लेकर थोड़ी उठा-पटक रहेगी। कार्य पूर्ण होने पर ही अंतर्मन को शांति मिलेगी। काम के बोझ से थकान होगी। दिनचर्या बिगड़ सकती है। व्यापार में गलत आकलन से क्षति हो सकती है। अनावश्यक टीका टिप्पणी से बचने का प्रयास करें। किसी की विचित्र बात से मन परेशान हो जाएगा। अनुभवी लोगों के मार्गदर्शन जीवन की छटा निखारेगी। यौन विकार से उलझन हो सकती है। पालतू पशुओं से सावधान रहने की जरूरत है। सप्ताहांत में चोट-चपेट का योग बन रहे हैं। किसी आध्यात्मिक व्यक्ति का आशीर्वाद रंग लाएगा। साथ ही मित्र या सहयोगी के कारण मान-सम्मान पर आंच नहीं आएगी।
शुभ रंग- पीला
शुभ अंक- 1, 2
सिंह राशि: रुके हुए काम में गति आएगी
आपकी राशि पर गुरु की दृष्टि इस सप्ताह कमाल के रंग भरेगी और अद्भुत विचारों से आपके जीवन में नव दर्शन भरेगी। वैभव व भौतिक सुख का विस्तार होगा। विरोधी आपके विरोध से नहीं, आपकी अनदेखी से ही परेशान हो जाएंगे। संतान की लापरवाही से आप इस हफ्ते परेशान हो जाएंगे। अनावश्यक आवेश में न आएं। आगे-पीछा देखकर ही फैसला करें। करियर में चुनौतियां आ सकती हैं। मां की ओर के रिश्तेदार से कष्ट मिल सकता है। कुछ रिश्तों को लेकर सतर्क रहें अन्यथा कष्ट हो सकता है। जीवनसाथी का अपार सहयोग मिलेगा। किसी रुके हुए काम में गति से अच्छा लगेगा। पराक्रम बढ़ेगा। अल्पकालिक निवेश से लाभ होगा। मामा से या मामा को पीड़ा होगी। सहकर्मियों से अनावश्यक भिड़ंत से बचें। सप्ताहांत आपके असर में इजाफा होगा। आर्थिक संबल मिलेगा। किसी करीबी व्यक्ति से बहस बाजी में न उलझें। रिस्क न लें अन्यथा आपको ही परेशानी हो सकती है।
शुभ रंग- गहरा लाल
शुभ अंक- 5
कन्या राशि: आमदनी में वृद्धि होगी
यह सप्ताह मिश्रित है। सप्ताह के आरंभ में यात्रा शुभ परिणाम नहीं देगी। अतएव संभावित यात्रा टाल दें। मित्र व सहयोगी मददगार सिद्ध होंगे। कारोबार को चमकाने के कई अवसर प्राप्त होंगे। करियर में सम्मान भी बढ़ेगा और तनाव भी। भावुकता व स्वभाव की उग्रता से बात बिगड़ सकती है। आमदनी में वृद्धि होगी। महत्वाकांक्षाओं के पूर्ण होने की राह निकलेगी। भाई या घनिष्ठ मित्र के बारे में कोई शुभ समाचार मिलेगा। प्रणय संबंधों के लिए यह हफ़्ता अच्छा है। विनम्रता से लाभ होगा। बुधवार से आमदनी में कमी परिलक्षित हो रही है। वाणी के तीखेपन से नुकसान होगा। कामेच्छा में वृद्धि होगी। संतान को मामूली चोट-चपेट आ सकती है, इसलिए वाहन से दूरी बनाकर रखें। शेयर बाजार या शॉर्ट टर्म ट्रेडिंग से लाभ होगा। कोशिशें ही कामयाबी देंगी। किसी इच्छा के पूरी होने का रास्ता निकलेगा। दूसरों में अधिक जिज्ञासा न दिखाएं। सावधान रहें अन्यथा दुर्घटना मुमकिन है।
शुभ रंग- हल्का हरा
शुभ अंक- 6
तुला राशि: व्यापारियों के लिए समय चकाचक रहेगा
राशि के स्वामी शुक्र की आपकी राशि पर दृष्टि इस सप्ताह आपके जीवन में नए रंग भरेगी। भौतिक सुख मिलेगा। घर के इंटीरियर की योजना या नवीन गृह के रुके हुए कार्यों में प्रगति परिलक्षित होगी। व्यापारियों के लिए समय चकाचक रहेगा। मंगलवार को विचित्र भय से बेचैन रहेंगे। आसपास कोरोना के आतंक की खबर से मन डूबेगा। सहकर्मियों का पूरा साथ मिलेगा पर आपकी कठोर वाणी से बंटाधार हो सकता है। गुरुवार से अपनों के साथ संबंधों में दरार प्रकट होगी। बहन की प्रगति से खुशी मिलेगी। किसी झमेले से निपटने में कोई पुराना अनुभव रामबाण सिद्ध होगा और विरोधी आपके चातुर्य का लोहा मानेंगे। कोई समाचार चैन देगा। सप्ताहांत संतान से जुड़ी उलझनें परेशान कर सकती हैं। मित्र मददगार होंगे। महत्वपूर्ण व्यक्तियों से संबंध बनेगा। किसी करीबी का अजीब बर्ताव मन को बेचैन कर सकता है।
शुभ रंग- चमकीला सफेद
शुभ अंक- 6
वृश्चिक राशि: करियर में प्रभाव बढ़ेगा
इस सप्ताह बुध की दृष्टि से अद्भुत परिणाम मिलेंगे। आपकी वाणी से आपका जलवा होगा। लेकिन आसपास कोरोना की दिल दहलाने वाली घटनाएं विचलित करेंगी। किसी जुगाड़ से या संपर्क से फायदा होगा। करियर में प्रभाव बढ़ेगा। आर्थिक स्थिति मध्यम से बेहतर रहेगी। बुधवार को आत्मविश्वास में कमी होगी। कई मामलों में आशा के विपरीत परिणाम मिलेंगे। खर्च विकराल होगा पर आमदनी भी होगी। कई बेहतर मौके हाथ से सरकते प्रतीत होंगे। गुरुवार को सेहत तनाव देगी। स्वयं को या किसी परिजन को हल्की खांसी और मामूली बुखार से मन अनाप शनाप ख्यालों की बाढ़ में डूबता प्रतीत होगा। कम बोलें वरना अनावश्यक बातों से पारिवारिक किटकिट से मानसिक अशांति पहाड़ बनेगी। सप्ताहांत पालतू पशुओं को या उनसे पीड़ा संभव है। बहुप्रतीक्षित कार्य अटकेगा। मां से सहारा मिलेगा। नपी तुली बातों से असर बढ़ेगा।
शुभ रंग- लाल
शुभ अंक- 9
धनु राशि: बड़े अधिकारियों का पूर्ण सहयोग मिलेगा
इस सप्ताह मंगल की दृष्टि साहस का संचार करेगी। घमंड से बचें। दैहिक सामर्थ्य बढ़ेगा। पिछले हफ्ते की नर्म सेहत में इस हफ्ते सुधार परिलक्षित होगा। जिह्वा को इस सप्ताह बेलगाम होने से बचाएं। नए काम के आगाज का यह सही समय नहीं है। सोच-समझ कर वचनों का प्रयोग करें। इस हफ्ते सम्मान और अपमान दोनों प्राप्त होगा पर किसी लांछन से मानसिक संताप होगा। करियर में बड़े अधिकारियों का पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा लेकिन उनके काम करने के तरीके से बेचैनी होगी। गुणों में वृद्धि होगी। गुरुवार से अपनों को आपसे शिकायत होगी। महिलाओं को कष्टपूर्ण अनियमित माहवारी की शिकायत हो सकती है। अधीनस्थ कर्मचारियों का आचरण अजीब लगेगा। काम में मामूली विघ्न से मन उदास होगा। किसी मित्र के तैशपूर्ण आचरण से कष्ट हो सकता है। जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में मिलने वालों से अच्छा सामंजस्य रहेगा।
शुभ रंग- पीला
शुभ अंक-3
कर राशि: व्यापारिक प्रतिद्वंदी परास्त होंगे
मंगल और राहु की दृष्टि इस सप्ताह आपके अंतर्मन के तार को झंकृत कर बेसुरा राग छेड़ेगी। इस हफ्ते चालाकी नही पारदर्शिता से फायदा होगा। आर्थिक लेन-देन में सावधान रहें। अपनों और सहयोगियों के महत्व को समझें और उनके साथ बर्ताव में सतर्क रहें। अपने खराब मूड का बम किसी और पर न फोड़ें। स्वयं की प्रतिभा सिद्ध करने के कई अवसर मिलेंगे। प्रतिद्वंदी परास्त होंगे। किसी का असम्मान न करें। विवेकपूर्ण आचरण से कामयाब होंगे। सप्ताह के मध्य में कंधे व पीठ में पीड़ा हो सकता है। सहयोगियों में काम के दबाव से झुंझलाहट पैदा हो सकती है। गलत फैसले परेशान करेंगे। अधिकारियों के विचित्र मूड से उलझन होगी। मितभाषी बनें। सप्ताहांत अच्छी नींद का आनंद मिलेगा। अल्पकालिक निवेश से लाभ होगा। विपरीत लिंगी से लाभ होगा। किसी अन्य की भूल से परेशानी हो सकती है। किसी करीबी से मतभेद प्रकट हो सकता है।
शुभ रंग- सफेद
शुभ अंक-4, 6
कुंभ राशि: काम को अधूरा न छोड़ें
आपकी राशि में गुरु की उपस्थिति इस सप्ताह सत्य संभाषण से कमाल करेगी। पारदर्शी आचरण से कामयाबी की राह निकलेगी। दान पुण्य में विश्वास गहरा होगा। अंतर्मन में उच्च विचार प्रकट होगा। बेमतलब के उल्टे ख्याल आपका दिल बैठाएंगे। सप्ताह के मध्य में न्याय और लेखन से जुड़े लोगों को विशेष फायदा होगा। राजा या सरकार के करीबी लोगों के प्रेम से किसी बड़े लाभ की बुनियाद बनेगी। नए काम की बातचीत शुरू होगी लेकिन काम को अधूरा न छोड़ें और आलस्य से बचें। बिना मतलब के संभाषण से परेशानी हो सकती है। सप्ताहांत हड्डियों और जोड़ों में कष्ट संभव है। कमजोरी और थकान का अहसास होगा। इलाज पर खर्च होगा। आपकी कोई अजीब बेवकूफी नुकसान का कारण बनेगी। किसी विश्वास को ठेस लगेगी। लोगों की भीड़ में अकेलापन महसूस होगा। अध्यात्म, ध्यान और योग से आंतरिक शक्ति बढ़ेगी।
शुभ रंग- भूरा
शुभ अंक- 6
मीन राशि: सामान्य सुख प्राप्त होगा
इस सप्ताह आपको नेतृत्व का अवसर प्राप्त होने की संभावना है। कुछ उलझने आपको परेशान कर सकती हैं लेकिन उनका सामना आप सहजता से कर लेंगे। आसपास महामारी का प्रकोप द्रवित करेगा। कई जानने वालों से जुड़ी नकारात्मक खबर स्तब्ध कर देगी। छोटी-मोटी कुछ उलझनों को यदि दरकिनार कर दें तो घर में सामान्य सुख प्राप्त होगा। सप्ताह के मध्य आप अपनी पैनी बुद्धि से अचंभित कर देंगे लेकिन अभिमान से बचें। शरीर में मामूली विकार हो सकता है। मोबाइल या किसी उपकरण के टूटने या बिगड़ने की आशंका बन रही है। ट्रेडिंग में नुकसान हो सकता है लेकिन किसी पुराने निवेश से फायदे की उम्मीदें परवान चढ़ रही हैं। सप्ताहांत में प्रॉपर्टी से संबंधित लेन-देन में बेचैनी की परत चढ़ेगी। कोई अनावश्यक विवाद प्रकट तो होगा पर मुस्कुराहट और मीठे वचन से बवाल का विस्तार रुकेगा।
शुभ रंग- पीला, सुनहरा
शुभ अंक-3, 9

Tags:    

Similar News

-->