देशभर में तुलसी विवाह की धूम, जानिए अलग-अलग राज्यों के अनूठे रीति-रिवाज
Tulsi Vivah ज्योतिष न्यूज़: कार्तिक मास आते ही त्योहारों और मांगलिक आयोजनों की रौनक बढ़ने लगती है। देवउठनी एकादशी के साथ भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने की मान्यता जुड़ी है। इसके बाद हिंदू परिवारों में विवाह और दूसरे शुभ कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इसी अवसर पर मनाया जाने वाला तुलसी विवाह आस्था, परंपरा और उत्सव का अनूठा संगम है। देश के अलग-अलग हिस्सों में इसे अपने खास रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है। कहीं तुलसी और शालिग्राम का विवाह धूमधाम से होता है, तो कहीं बाकायदा बारात निकाली जाती है। महाराष्ट्र में अंतःपट की रस्म निभाई जाती है, जबकि उत्तराखंड में तुलसी चौरे को पारंपरिक ऐपण से सजाने की परंपरा है। आइए जानते हैं, भारत के अलग-अलग राज्यों में तुलसी विवाह किस तरह मनाया जाता है।
तुलसी विवाह क्यों मनाया जाता है?
तुलसी विवाह को देवी तुलसी और भगवान विष्णु के विवाह के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन तुलसी के पौधे का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप या श्रीकृष्ण के साथ कराया जाता है। इसे प्रकृति और परमात्मा के पवित्र मिलन का प्रतीक भी माना जाता है।
धार्मिक ग्रंथों और परंपराओं में तुलसी विवाह के आयोजन को लेकर अलग-अलग मान्यताएं मिलती हैं। कुछ परंपराओं में कार्तिक शुक्ल नवमी का उल्लेख है, जबकि अनेक स्थानों पर देवउठनी एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक तुलसी विवाह के आयोजन किए जाते हैं। मान्यता है कि जिन दंपतियों को कन्यादान का अवसर नहीं मिला, वे तुलसी विवाह कराकर कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त कर सकते हैं।
इस पर्व का एक विशेष महत्व यह भी है कि इसे चातुर्मास की समाप्ति और मांगलिक कार्यों की शुरुआत से जोड़कर देखा जाता है। देवउठनी एकादशी के बाद विवाह सहित कई शुभ संस्कारों के आयोजन शुरू हो जाते हैं।
बृज में तुलसी विवाह का शाही अंदाज
मथुरा, वृंदावन और बृज के दूसरे इलाकों में तुलसी विवाह का आयोजन किसी पारंपरिक विवाह समारोह से कम नहीं होता। मंदिरों और घरों में तुलसी महारानी तथा ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया जाता है। कई स्थानों पर विवाह से जुड़ी रस्में हल्दी और मेहंदी से लेकर बारात, जयमाला और सात फेरों तक निभाई जाती हैं।
शाम होते ही मंदिरों में भजन-कीर्तन और मंगलगीतों की गूंज सुनाई देने लगती है। भक्त व्रत रखते हैं और विवाह के अनुष्ठान में शामिल होते हैं। बृज की भक्ति परंपरा में तुलसी का विशेष स्थान है। भगवान श्रीकृष्ण को भोग अर्पित करते समय तुलसी दल का इस्तेमाल भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
उत्तराखंड में ऐपण और पिछौड़े से सजती हैं तुलसी महारानी
देवभूमि उत्तराखंड में तुलसी विवाह का उत्सव स्थानीय परंपराओं और लोकसंस्कृति के रंगों के साथ मनाया जाता है। गढ़वाल और कुमाऊं में महिलाएं घर के आंगन में बने तुलसी चौरे को गेरू और चावल के आटे से तैयार पारंपरिक ऐपण से सजाती हैं।
तुलसी के पौधे के चारों ओर गन्ने और केले के पत्तों से मंडप बनाया जाता है। माता तुलसी को लाल पिछौड़ा पहनाया जाता है और सुहाग की सामग्री अर्पित की जाती है। कई गांवों में इस अवसर पर पारंपरिक लोकगीत गाए जाते हैं। घरों में स्वाले और पकौड़े जैसे पकवान तैयार किए जाते हैं और भगवान को भोग लगाया जाता है।
पंजाब में गन्ने के मंडप के नीचे निभाई जाती हैं विवाह की रस्में
पंजाब में तुलसी विवाह पारिवारिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। यहां महिलाएं तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाती हैं। लाल रंग के दुपट्टे, चूड़ियों और मेहंदी से तुलसी महारानी का श्रृंगार किया जाता है।
विवाह के लिए गन्ने के चार डंडों से मंडप तैयार किया जाता है। इसके नीचे शालिग्राम और तुलसी को स्थापित कर विवाह की रस्में पूरी की जाती हैं। इस अवसर पर मूली, सिंघाड़ा, शकरकंद, आंवला और गुड़ से बनी मिठाइयों का भोग लगाने की परंपरा भी कई परिवारों में प्रचलित है। कुछ जगहों पर सुहाग की सामग्री दान की जाती है और कन्यादान का संकल्प लिया जाता है।
महाराष्ट्र में अंतःपट हटने के बाद होता है विवाह
महाराष्ट्र में तुलसी विवाह को 'तुलसी लग्न' कहा जाता है। यहां विवाह की एक खास रस्म निभाई जाती है, जिसे अंतःपट कहते हैं। इस परंपरा में तुलसी और भगवान विष्णु के प्रतीक शालिग्राम के बीच सफेद कपड़ा रखा जाता है।
पुरोहित मंगलाष्टक मंत्रों का पाठ करते हैं। मंत्रोच्चार के बाद उपस्थित लोग अक्षत यानी कुमकुम मिले चावल अर्पित करते हैं। फिर अंतःपट हटाया जाता है और जयघोष के साथ विवाह की रस्म पूरी होती है। इस आयोजन में कई परिवार माता-पिता की भूमिका निभाते हुए तुलसी का कन्यादान करते हैं। प्रसाद के रूप में गन्ना, नारियल, पोहा और मूंगफली बांटने की परंपरा भी देखने को मिलती है।
बिहार में सामूहिक आयोजन और विवाह गीतों की परंपरा
बिहार के मिथिलांचल सहित कई क्षेत्रों में तुलसी विवाह सामूहिक उत्सव के रूप में मनाया जाता है। कुछ स्थानों पर गांव के लोग मिलकर कई दिनों तक धार्मिक आयोजन करते हैं। सौंजा ग्राम के प्रभु धाम में भी सामूहिक रूप से इस पर्व के आयोजन की परंपरा बताई जाती है। यहां वेद और रामायण पाठ, शोभायात्रा, तिलकोत्सव और विवाह समारोह जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस अवसर पर सामूहिक रूप से छप्पन भोग तैयार करने की परंपरा भी जुड़ी हुई है।
मिथिलांचल में तुलसी विवाह के दौरान पारंपरिक विवाह गीत गाए जाते हैं। महिलाएं आंगन में अरिपन बनाती हैं और भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाने के लिए लोकगीत गाती हैं। इन गीतों में भक्ति के साथ-साथ पारिवारिक उत्सव की खुशी भी झलकती है।
गुजरात के सौराष्ट्र में मंदिर से मंदिर पहुंचती है बारात
गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में तुलसी विवाह का आयोजन खास अंदाज में किया जाता है। यहां कुछ स्थानों पर तुलसी मंदिर और राम मंदिर के बीच विवाह की परंपरा निभाई जाती है। वधू पक्ष की ओर से वर पक्ष को विवाह का निमंत्रण भेजा जाता है।
इसके बाद भगवान विष्णु के लालजी स्वरूप की बारात पालकी में सजाकर निकाली जाती है। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ बारात तुलसी मंदिर पहुंचती है। रातभर धार्मिक आयोजन और गरबा होता है। विवाह की रस्में पूरी होने के बाद सुबह विदाई का कार्यक्रम किया जाता है।
आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तुलसी कल्याणम्
आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तुलसी विवाह को 'तुलसी कल्याणम्' के नाम से जाना जाता है। कुछ परंपराओं में इसे क्षीराब्धि द्वादशी से भी जोड़ा जाता है। यहां तुलसी के पौधे के पास आंवले के पौधे या उसकी शाखा को स्थापित करने की परंपरा है। इसे भगवान विष्णु का प्रतीक माना जाता है।
इस अवसर पर तुलसी का सोलह श्रृंगार किया जाता है और विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया जाता है। शाम को तुलसी चौरे के आसपास मिट्टी के दीपक जलाए जाते हैं। पूजा, मंत्रोच्चार और दीपों की रोशनी के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है।
राजस्थान में राजस्थानी वेशभूषा और पारंपरिक भोग
राजस्थान में तुलसी विवाह को देवउठनी ग्यारस के उत्सव से जोड़कर मनाया जाता है। जयपुर, उदयपुर और जोधपुर सहित कई शहरों में मंदिरों में विशेष सजावट की जाती है। भगवान विष्णु या ठाकुरजी को राजसी वस्त्र पहनाए जाते हैं, वहीं तुलसी महारानी को पारंपरिक राजस्थानी चुनरी और लहंगे से सजाया जाता है।
घरों में गन्ने का मंडप बनाकर विवाह की रस्में निभाई जाती हैं। तुलसी और शालिग्राम का गठबंधन कच्चे सूत से किया जाता है। इस अवसर पर बाजरे की रोटी, गुड़, मूली और बेर जैसी चीजों का भोग लगाने की परंपरा भी कई परिवारों में प्रचलित है।
अलग-अलग रीति-रिवाज, लेकिन आस्था का भाव एक
तुलसी विवाह का स्वरूप भले ही हर क्षेत्र में अलग दिखाई देता हो, लेकिन इसके पीछे जुड़ी श्रद्धा और भावनाएं एक जैसी हैं। कहीं तुलसी महारानी का श्रृंगार उत्तराखंड के पिछौड़े से होता है, तो कहीं महाराष्ट्र में अंतःपट की रस्म निभाई जाती है। गुजरात में मंदिरों के बीच बारात निकलती है और दक्षिण भारत में तुलसी कल्याणम् के रूप में उत्सव मनाया जाता है।
इन विविध परंपराओं में भारत की सांस्कृतिक समृद्धि की झलक मिलती है। तुलसी विवाह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि परिवार, समाज और प्रकृति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी अवसर है। यही वजह है कि सदियों से यह पर्व देश के अलग-अलग हिस्सों में अपनी विशिष्ट पहचान और उल्लास के साथ मनाया जाता रहा है।