Aaj Ka Rashifal, 11 October 2026 : आज शारदीय नवरात्रि के पहले दिन देवी की उपासना, नए संकल्प और घर में सुख-शांति के लिए विशेष शुभ समय है। रविवार को सूर्यदेव का अपना दिन होने से आत्मविश्वास और साफ सोच बनी रहेगी, सिंह और कन्या को खास लाभ मिलेगा। चंद्र दर्शन के साथ मन की उलझन धीरे-धीरे कम होगी। बड़े फैसले जल्दबाजी में न लें। संक्षेप में आज श्रद्धा और संयम का दिन है। सूर्यदेव की कृपा, सिंह और कन्या का आत्मविश्वास बढ़ेगा। वृश्चिक राशि वालों को बड़े-बुजुर्गों के आशीर्वाद से मिलेगा भाग्य का साथ।
मेष राशिफल: धर्म कर्म में रुचि से सुकून पाएंगे
मेष राशि वालों के लिए आज का दिन शुरुआत से ही घर में शांति और सुकून देने वाला रहेगा। नवरात्रि के पहले दिन परिवार के साथ मिलकर पूजा करने से मन को गहरा सुकून मिलेगा। घर के किसी रुके हुए काम में भी अपनों का साथ मिलेगा। वाहन या मकान से जुड़ा कोई खर्च अब आसानी से निपट सकता है। लेकिन यहीं से सावधानी भी शुरू होती है। अगर आप व्रत रख रहे हैं, तो खाली पेट ज्यादा देर न रहें, नहीं तो एसिडिटी, सिर दर्द या कमजोरी परेशान कर सकती है। ज्यादा तला हुआ फलाहार पेट बिगाड़ सकता है। साझेदारी में किसी बड़े वादे या बड़े भुगतान पर आज जल्दबाजी न करें। शाम को राहुकाल के दौरान, यानी साढ़े चार से छह बजे के बीच, नया सौदा या लेन-देन टालें। शुभ रंग: सिंदूरी । शुभ अंक: 7उपाय: मां दुर्गा को लाल चुनरी अर्पित करें।
वृषभ राशिफल: बच्चों के साथ समय बिताना न भूलें
वृषभ राशि वाले आज दिन की शरुआत स्नान के बाद देवी मां को प्रणाम करके करें। मन में पूरे दिन के लिए धैर्य का संकल्प लें। उसके बाद दिन के बीच में आपके सामने बच्चों की पढ़ाई, शौक या प्रेम से जुड़ी कोई बात आएगी, जिसे आप समझदारी से संभाल सकते हैं। बड़े भाई-बहन या मित्र की मदद से कमाई का कोई रास्ता खुल सकता है, पर किसी के कहने पर जल्दी मुनाफा कमाने वाले ऐप या स्कीम में पैसा न लगाएं। रात को सोने से पहले मोबाइल रखकर पांच मिनट शांत बैठें, ताकि बेकार की चिंता नींद पर असर न डाले।
शुभ रंग: हल्का गुलाबी । शुभ अंक: 6उपाय: देवी मां को सफेद मिठाई का भोग लगाएं।
मिथुन राशिफल: परिवार में बातचीत मीठी रखें
मिथुन राशि वालों के लिए आज एक सीधा सूत्र है। जहां परिवार की बात है, वहां जुबान नरम रखें। जहां पैसा है वहां हाथ सधा हुआ रखें। जहां घर के सदस्यों की बात है, वहां शक की जगह भरोसा रखें। नवरात्रि के पहले दिन घर में कलश या पूजा की तैयारी में माता जी की सलाह काम आएगी। किसी पुरानी दबी हुई बात को लेकर आज बहस न छेड़ें, क्योंकि चंद्र दर्शन के दिन भावनाएं जल्दी भड़क सकती हैं। रचनात्मक काम या पढ़ाई में मन खूब लगेगा और कोई नया विचार सूझ सकता है। सेहत के मामले में गले, कंधे और नींद का ध्यान रखें। व्यापार से जुड़े लोग किसी पुराने साथी से फिर जुड़कर लाभ पा सकते हैं।
शुभ रंग: पन्ना हरा । शुभ अंक: 4उपाय: घर में कलश के पास दीपक जलाएं।
आज चंद्रमा के राशि परिवर्तन से कई राशियों का बदलेगा भाग्य
कर्क राशिफल: यात्रा में वाहन की गति पर रखें काबू
कर्क राशि वालों के लिए भाई-बहन या पड़ोसी के साथ मिलकर किया गया कोई छोटा काम भी सफलता देगा। कोई बिगड़ी बात बनाने की कोशिश करें। मोबाइल पर किसी जरूरी व्यक्ति से बातचीत आज सफल रहेगी। आपका आत्मविश्वास भी बना रहेगा। दस्तावेजों की दोबारा जांच करने के लिए आज समय निकाल सकते हैं। वाहन चलाते समय गति पर काबू न रखा तो छोटी सी चूक भारी पड़ सकती है। भावुक होकर कही गई बात किसी अपने को चोट पहुंचा सकती है। नवरात्रि के पहले दिन घर के बुजुर्गों का आशीर्वाद लें। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह मानें। शाम को साढ़े चार से छह बजे के बीच राहुकाल में कोई नया काम शुरू न करें।
शुभ रंग: मोती जैसा सफेद । शुभ अंक: 11उपाय: बुजुर्गों को प्रणाम कर उन्हें जल पिलाएं।
सिंह राशिफल: बेवजह के खर्च पर नजर रखें
सिंह राशि वाले आज शाम को जब दिन को पीछे मुड़कर देखेंगे, तो शायद यही कहेंगे कि बोलचाल और पैसों के मामले में दिन अच्छा निकला। रविवार को परिवार के साथ भोजन और नवरात्रि पूजा में समय बिताने से आपको शांति और संतुष्टि महसूस होगी। आज आपकी बात का वजन और आत्मविश्वास बढ़ेगा। धन से जुड़े फैसले साफ सोच के साथ लिए जा सकेंगे। शाम तक आपको यह भी समझ आएगा कि कुछ खर्च बिना जरूरत के हो गए, जैसे पूजा का सामान, ऑनलाइन खरीदारी या यात्रा और अस्पताल का कोई अचानक बिल, इसलिए खर्च की सीमा पहले ही तय कर लें। जीवनसाथी या बिजनेस पार्टनर के साथ दिन में बात बिगड़ी हो तो माफी मांगने में देर न करें। रात को नींद अच्छी आएगी, बशर्ते आप मोबाइल पर देर तक न रहें।
शुभ रंग: सुनहरा । शुभ अंक: 1
उपाय: मां दुर्गा की पूजा और आराधना के साथ उपवास करें।
कन्या राशिफल: बेवजह की चिंता और उधार देने से बचें
कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन करीब 70 प्रतिशत अच्छा और 30 प्रतिशत सावधानी वाला रहेगा। अच्छा हिस्सा यह है कि रविवार को आपके व्यक्तित्व में तेज, आत्मविश्वास और साफ सोच दिखेगी, लोग आपकी बात ध्यान से सुनेंगे और नवरात्रि के पहले दिन की पूजा से मन हल्का होगा। वाणी और पैसों के मामले में भी आपकी समझ काम आएगी और परिवार का साथ मिलेगा। सावधानी वाला हिस्सा यह है कि पिछले दिनों की भावनात्मक उलझन पूरी तरह खत्म नहीं हुई है, इसलिए खाली बैठकर पुरानी बातों में डूबने से बचें। चिंता और बेकार की सोच बढ़ सकती है। जीवनसाथी या साझेदार से किसी बात पर मतभेद हो, तो बहस न बढ़ाएं। किसी पर आंख बंद करके भरोसा करके उधार न दें और शेयर मार्केट में जल्दबाजी में पैसा न लगाएं। व्रत रखें तो पानी और फल लेते रहें।
शुभ रंग: आसमानी । शुभ अंक: 10उपाय: छोटी कन्याओं को हरी चुनरी भेंट करें।
तुला राशिफल: देर रात तक जागने की बजाय अच्छी नींद लें
तुला राशि वालों के लिए आज नवरात्रि का पहला दिन आत्मविश्वास के मामले में ऊंचा रहेगा। मित्रों और बड़े भाई-बहन से लाभ की बात बन सकती है। लेकिन इसी के साथ खर्च का दबाव भी है। पूजा, मेहमान या शॉपिंग पर अचानक पैसा जा सकता है, इसलिए बजट पहले तय करें। किसी को भी उधार देने से पहले दो बार विचार जरूर करें। दिया हुआ पैसा जल्दी वापस मिलने में संदेह है। देर रात तक जागने, मोबाइल देखने या नशे की आदत से सेहत बिगड़ सकती है, इसलिए रात को समय पर सोएं। बच्चों या प्रेम जीवन में पुरानी बात को लेकर बेवजह शक न करें।
शुभ रंग: फिरोजी । शुभ अंक: 8उपाय: मां शैलपुत्री के मंत्र का जाप करें।
वृश्चिक राशिफल: सुबह बड़ों का आशीर्वाद लें
वृश्चिक राशि के जातक नवरात्रि के पहले दिन सुबह किसी बुजुर्ग, गुरु या माता-पिता से आशीर्वाद लेकर दिन शुरू करें। भाग्य का साथ महसूस होगा। उसके बाद दिन के बीच में मित्रों या किसी जानकार के जरिए कोई कमाई या लाभ वाला प्रस्ताव आ सकता है। उसे समझदारी से परखें और जल्दी पैसा दुगना करने वाली बातों से दूर रहें। घर, जमीन या वाहन से जुड़ा कोई कागज सामने आए तो बिना पढ़े दस्तखत न करें। घर के किसी बड़े सदस्य की तबीयत खराब होने की वजह से परेशानी हो सकती है। बच्चों को पढ़ाने के लिए थोड़ा समय निकालें। प्रेम संबंधों में धैर्य रखें, क्योंकि चंद्र दर्शन के दिन बात बढ़ने में देर लगती है। देर रात तक जागने से बचें।
शुभ रंग: लाल । शुभ अंक: 3उपाय: मां को अनार या लाल फल का भोग लगाएं।
धनु राशिफल: गोपनीय बातें साझा न करें
धनु राशि वाले आज दफ्तर की बातों को घर में न करें। राज की बातों को किसी के साथ साझा न करें। रविवार को भी कारोबार या काम से जुड़ी कोई कॉल या मैसेज आ सकता है। उसका शांति से जवाब देना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। दोस्तों के साथ समय अच्छा गुजरेगा। किसी जान-पहचान वाले के जरिए आय का नया मौका मिल सकता है। आर्थिक जोखिम वाले क्षेत्रों जैसे शेयर मार्केट में बिना रिसर्च पैसा लगाने या उधार देने से बचें। मां की सेहत का ध्यान रखें। घर की मरम्मत पर ध्यान दें। वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें। समाजसेवा का काम कर सकते हैं। आज के दिन दान करना आपके लिए शुभ रहेगा।
शुभ रंग: बसंती पीला । शुभ अंक: 12
उपाय: पीले फूल मां के चरणों में अर्पित करें।
मकर राशिफल: भाई-बहन के साथ भविष्य की योजना बनाएं
मकर राशि वालों को लग्नेश शनिदेव का सहारा मिल रहा है। इसलिए मेहनत, अनुशासन और भाई-बहन के साथ बनाई गई कोई नई योजना आज आगे बढ़ेगी और भविष्य में बेहतर नतीजे दे सकती है। बाहर रहने वाले किसी व्यक्ति से जुड़कर काम की गाड़ी चल पड़ेगी। परिवार के पैसों, उधार या हिस्सेदारी की बात आज जुबान संभालकर करें, क्योंकि कही हुई बात बाद में विवाद बन सकती है। नवरात्रि में व्रत हो तो सेहत का ध्यान रखें। साझेदारी के किसी कागज पर बिना पढ़े दस्तखत न करें। जीवनसाथी या पार्टनर पर अकारण शक करने से रिश्ता बिगड़ेगा। कारोबार में नए ग्राहक को बिना जांचे उधार देने से बचें। देर शाम को यात्रा टालें और वाहन की गति पर काबू रखें।
शुभ रंग: गहरा बैंगनी । शुभ अंक: 9उपाय: पीपल के पेड़ में जल अर्पित करें।
कुंभ राशिफल: कागजी कार्रवाई के मामलों में सतर्क रहें
कुंभ राशि वाले शाम को जब दिन को पीछे मुड़कर देखेंगे, तो समझ आएगा कि सबसे ज्यादा मेहनत कागजी और छुपे हुए मामलों में लगी। ससुराल पक्ष की कोई बात सुबह से परेशान कर सकती है। जल्दबाजी में जवाब देने के बजाय इंतजार करना बेहतर रहेगा। दोपहर तक सेहत और रोजमर्रा के कामों में राहत मिलेगी। नौकरी में सहकर्मी साथ देंगे। कोई पुराना उधार या बकाया निपटाने का रास्ता बनेगा। नवरात्रि के पहले दिन परिवार में आपकी वाणी की मिठास रिश्तों को जोड़ेगी, जबकि कड़वी बात बहुत भारी पड़ सकती है। जीवनसाथी से किसी बात पर मतभेद हो, तो टकराव टाल दें। बात संभालाने की कोशिश करें। मित्रों की सलाह से भाग्य का साथ मिलेगा। लंबी यात्रा या तीर्थ की योजना बन सकती है।
शुभ रंग: गहरा नीला । शुभ अंक: 2उपाय: जरूरतमंद को काला कंबल या वस्त्र दें।
मीन राशिफल: रचनात्मक काम में सफलता मिलेगी
मीन राशि वालों के लिए आज के दिन का शुभ हिस्सा यह है कि गुरुदेव का सहारा रचनात्मक कामों, कला, शिक्षा और बच्चों के मामलों में सफलता देगा। नवरात्रि के पहले दिन अपने इष्ट का स्मरण करने से मन को बल मिलेगा। प्रेम जीवन में खुलकर बात करना फायदेमंद रहेगा। शनिदेव आपके लग्न पर वक्री हैं, इसलिए स्वभाव में गंभीरता रहेगी और लोग आपकी बात पर भरोसा करेंगे। आज आपके लिए सतर्कता वाला हिस्सा यह है कि जीवनसाथी या बिजनेस पार्टनर के साथ किसी पुरानी बात पर तनातनी हो सकती है। वहां थोड़ा सहना और चुप रहना बेहतर है। अचानक खर्च, अस्पताल या बाहर के किसी काम का चक्कर लग सकता है।
शुभ रंग: स्लेटी । शुभ अंक: 5उपाय: केसर का तिलक लगाकर पूजा करें।