Hanuman Chalisa ज्योतिष न्यूज़ : धर्म शास्त्रों के अनुसार हनुमान जी की पूजा करने से व्यक्ति को रोग, दोष और भय से छुटकारा मिलता है. साथ ही जीवन में चल रहे कलेश भी दूर होते हैं. हनुमान जी की पूजा करते समय हनुमान चालीसा का पाठ जरूर करना चाहिए. हनुमान चालीसा की एक-एक चौपाई बहुत ही फलदायी मानी गई है और इसका पाठ करने से व्यक्ति के सभी दुख दूर होते हैं. आज हम आपको हनुमान चालीसा की 5 चमत्कारी चौपाइयों के बारे में बता रहे हैं.
हनुमान चालीसा की 5 चमत्कारी चौपाइयां
भूत-पिशाच निकट नहीं आवे। महाबीर जब नाम सुनावे।।
हनुमान चालीसा की इस चौपाई को बहुत ही फलदायी माना गया है. कहते हैं कि अगर किसी व्यक्ति को जीवन में कोई भय सता रहा है तो उसे रोजाना सुबह-शाम हनुमान चालीसा की इस चौपाई का पाठ अवश्य करना चाहिए. इस चौपाई का जाप करने से सारे भय दूर हो जाते हैं और हनुमान जी की कृपा बनी रहती है.
नासे रोग हरे सब पीरा। जो सुमिरे हनुमंत बलबीरा।।
यदि कोई व्यक्ति हमेशा बीमार रहता है या आए दिन बीमार पड़ता रहता है तो उसे नियमित रूप से हनुमान चालीसा की इस चौपाई का पाठ करना चाहिए. कहते हैं कि यह एक चौपाई व्यक्ति को सभी रोगों से मुक्ति दिलाती है और स्वस्थ्य बनाती है.
अष्ट-सिद्धि नवनिधि के दाता। अस बर दीन जानकी माता।।
हनुमान चालीसा की यह चौपाई भी बहुत ही चमत्कारी मानी गई है. धर्म शास्त्रों में हनुमान जी को आठ सिद्धि और नौ निधियां प्रदान करने वाला भगवान कहा गया है. हनुमान जी को यह वरदान माता सीता से प्राप्त हुआ था. इस चौापाई का पाठ करने से व्यक्ति को मानसिक शक्ति प्राप्त होती है और मन में पॉजिटिविटी आती है.
बिद्यबान गुनी अति चातुर। रामकाज करीबे को आतुर।।
यदि कोई व्यक्ति ज्ञान, बुद्धि, बल, विवेक और धन-दौलत पाना चाहता है तो उसे मेहनत के साथ ही हनुमान चालीसा की इस चौपाई का जाप अवश्य करना चाहिए. इस चौपाई का जाप करने से व्यक्ति को विद्या के साथ ही चतुराई भी प्राप्त होती है.
भीम रूप धरि असुर संहारे। रामचंद्रजी के काज संवारे।।
जिस व्यक्ति पर हनुमान जी की कृपा होती है उसे भगवान राम का भी आशीर्वाद प्राप्त हो जाता है. ऐसे में अगर आप हनुमान जी कृपा पाना चाहते हैं और उन्हें प्रसन्न करना चाहते हैं तो हनुमान चालीसा की इस चौपाई का पाठ करना बहुत ही फलदायी साबित होगा. इस चौपाई का जाप करने से शत्रुओं से भी छुटकारा मिलता है और कार्यों में सफलता प्राप्त होती है.