नई दिल्ली: पूर्व विदेश मंत्री के. नटवर सिंह के निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शोक जताया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने उनकी लेखनी की तारीफ करते हुए उत्कृष्ट सांसद बताया तो उपराष्ट्रपति ने उनके अद्वितीय योगदान को याद किया।
लंबी बीमारी के बाद पूर्व विदेश मंत्री का निधन शनिवार को हुआ। उन्होंने दिल्ली से सटे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। 12 अगस्त को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व केंद्रीय मंत्री के. नटवर सिंह के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि पूर्व विदेश मंत्री के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई भूमिकाएं निभाईं, एक प्रतिष्ठित राजनयिक से लेकर एक उत्कृष्ट सांसद तक। पद्म भूषण से सम्मानित, वे एक प्रसिद्ध साहित्यकार भी थे। उनके परिवार, मित्रों और अनुयायियों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने एक्स पर लिखा कि के. नटवर सिंह के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उन्होंने विदेश मंत्री सहित विभिन्न पदों पर रहते हुए देश की सेवा की। वे एक विपुल लेखक और प्रतिष्ठित इतिहासकार थे, उन्होंने हमेशा जीने और योगदान देने का उत्साह दिखाया। हमारे साहित्य जगत और सार्वजनिक जीवन में नटवर सिंह के अद्वितीय योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
मैं इस गहरे दुख की घड़ी में हेमिंदर कौर (पत्नी), उनके पुत्र जगत सिंह और अन्य पारिवारिक सदस्यों तथा उनके मित्रों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी अपनी पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने भी लिखा, पूर्व केंद्रीय मंत्री के. नटवर सिंह के निधन पर हमारी हार्दिक संवेदनाएं। एक प्रशंसित बुद्धिजीवी और पद्म भूषण से सम्मानित, उन्होंने भारत की कूटनीति और विदेशी मामलों में एक गहन योगदान दिया। हमारी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और अनुयायियों के साथ हैं।
सपा अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा, पूर्व विदेश मंत्री, पद्म विभूषण से सम्मानित कुं. नटवर सिंह के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
Tags: