अमित शाह, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, अश्विनी वैष्णव, मनोहर लाल और थलसेना अध्यक्ष से मिले मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव

Update: 2024-08-31 04:08 GMT
नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को अपने दिल्ली दौरे के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर प्रदेश से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने थलसेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी से भी मुलाकात की।
सीएम यादव ने अमित शाह और जे.पी. नड्डा को राज्य में पिछले छह महीने में उनकी सरकार द्वारा किए गए विकास और जनकल्याण से संबंधित कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने दोनों केंद्रीय मंत्रियों को रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव पर केंद्रित पुस्तिका की प्रतियां भी भेंट की।
रक्षा मंत्री से मुलाकात के दौरान सीएम यादव ने दतिया और मुरैना को रक्षा औद्योगिक गलियारे में जोड़े जाने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि दोनों ही जिलों में इस क्षेत्र के निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि बेंगलुरु में आयोजित रोड शो के दौरान हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड द्वारा प्रदेश में रक्षा क्षेत्र में निवेश करने की मंशा जताई गई थी। उन्होंने इस निवेश को स्वीकृत करने का अनुरोध किया जिसे केंद्रीय मंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया।
अश्विनी वैष्णव के साथ मुलाकात के दौरान, उन्होंने प्रदेश के हित से जुड़ी कई रेल परियोजनाओं और आईटी में निवेश से जुड़े मुद्दों पर बात की।
मनोहर लाल से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री यादव ने बताया कि भोपाल नगर में राजधानी परियोजना प्रशासन (सीपीए) सड़कों, पार्कों और भवनों के निर्माण, विकास और रखरखाव के अलावा नजूल भूमि की सुरक्षा और विकास के कार्य करने वाली संस्था रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से इस संस्था को पुनर्जीवित करने के लिए आर्थिक और तकनीकी सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया जिससे भविष्य में सीपीए पुनः भोपाल शहर की विकास गतिविधियों में योगदान दे सके। केंद्रीय मंत्री ने इस संबंध में राज्य शासन को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
दो दिवसीय दिल्ली दौरे के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने आठ केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा की।
साथ ही उन्होंने आज थल सेना अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी के साथ भी सद्भावना मुलाकात की। साउथ ब्लॉक स्थित कार्यालय में इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने जनरल द्विवेदी को अंगवस्त्रम और ‘महाकाल मंदिर’ कॉफी-टेबल बुक भेंट कर अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की कि मूलनिवासी होने के कारण जनरल द्विवेदी प्रदेश से आत्मीयता का रिश्ता रखते हैं।
Tags:    

Similar News

-->