एकतरफा प्यार में आशिक ने छात्रा की ले ली जान

Update: 2026-07-11 15:13 GMT

छत्तीसगढ़: भिलाई में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रामनगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर बी फार्मेसी की पढ़ाई कर रही 19 वर्षीय छात्रा खुशी साहू की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि युवक छात्रा पर शादी के लिए दबाव बना रहा था और विरोध करने पर उसने वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मृतका खुशी साहू बेमेतरा जिले के ग्राम कुम्ही की रहने वाली थी। वह करीब दो महीने पहले पढ़ाई के लिए भिलाई आई थी और वैशाली नगर स्थित शंकराचार्य नर्सिंग कॉलेज में बी फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए वह वैशाली नगर के एक कैफे में काम भी करती थी।

खुशी भिलाई के रामनगर इलाके में किराए के मकान में रह रही थी। कुछ दिन पहले उसकी गांव की सहेली सुरुचि भी उसके साथ रहने आई थी। घटना के समय खुशी की सहेली कमरे में मौजूद थी, लेकिन वह नहाने गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी युवक ने कमरे में पहुंचकर छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने खुशी के पेट और रीढ़ की हड्डी के पास चाकू से कई वार किए। जब उसकी सहेली नहाकर वापस कमरे में आई तो उसने खुशी को फर्श पर बेसुध हालत में पड़ा देखा। उसके शरीर से खून बह रहा था। सहेली ने तुरंत मकान मालिक को इसकी जानकारी दी और इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

घायल अवस्था में खुशी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के दोनों भाई भिलाई पहुंचे। खुशी अपने परिवार की इकलौती बेटी थी। उसके पिता किसान हैं।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे एकतरफा प्यार का मामला सामने आया है। भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी युवक छात्रा से शादी करने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। वह छात्रा के माता-पिता से भी मिला था और शादी के लिए दबाव बनाया था, लेकिन परिवार वालों ने उसे समझाकर वापस भेज दिया था।

बताया जा रहा है कि आरोपी की हरकतों से परेशान होकर खुशी ने कुछ दिन पहले उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद आरोपी ने गुस्से में आकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।

Tags:    

Similar News