नई दिल्ली: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने गोकलपुर विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार प्रवीण निमेश के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल शराब के धंधे में जेल गए थे और खुद को ऐसा दिखाने की कोशिश करते हैं जैसे वह स्वतंत्रता संग्राम में शामिल थे। केजरीवाल ने अभी भी दिल्ली को मोहल्ला क्लीनिक में ही रखा हुआ है। दिल्ली में ऐसी सरकार चाहिए जो, मोहल्ला क्लीनिक नहीं, मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल और मेडिकल काॅलेज बनाए। केजरीवाल ने केवल झूठ बोला है। ऐसे लोगों को दिल्ली की जनता ने सबक सिखाने का मन बना लिया है।
सरमा ने कहा कि जब अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली, तो उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया, लेकिन यह त्याग नहीं था। केजरीवाल ने अपने पद से इस्तीफा इसलिए दिया, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें सरकारी कार्यालय में जाने से रोक दिया था। केजरीवाल का असली चेहरा अब लोगों के सामने आ चुका है, और वह जनता को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस सांसद अजय माकन ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की नीतियों पर तीखा हमला किया है। माकन ने आरोप लगाया कि आप सरकार ने दिल्ली के स्वास्थ्य क्षेत्र को बदहाल कर दिया है, जिसके कारण राज्य के प्रमुख अस्पतालों में जरूरी मेडिकल उपकरण जैसे एक्स-रे, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड मशीनें खराब पड़ी हैं। साथ ही कई अस्पतालों में आईसीयू भी कार्य में नहीं हैं। कोरोना महामारी के दौरान केंद्र सरकार से जो वित्तीय मदद मिली थी, वह भी आप सरकार द्वारा सही तरीके से खर्च नहीं की जा सकी। यह गंभीर लापरवाही है।
आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए 5 फरवरी को मतदान होगा और नतीजों की घोषणा 8 फरवरी को होगी।
Tags: