यरूशलम: इजरायली सेना ने सुरक्षाकर्मियों पर चाकू से हमला करने का प्रयास करने वाले कनाडाई नागरिक को सोमवार को गोली मार दी। वहीं, पुलिस ने इसे 'आतंकवादी हमला' बताया है।
इजरायली रक्षा बलों (आईडीएफ) ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि संदिग्ध व्यक्ति रविवार को एक पर्यटक के रूप में इजरायल में प्रवेश करने के बाद गाजा पट्टी से सटे एक इजरायली समुदाय 'नेटिव हाअसारा' के प्रवेश द्वार पर पहुंचा। वह अपने वाहन से बाहर निकला और सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाया।
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को गोली मार दी। बाद में पुलिस ने उसकी मौत की पुष्टि की। पुलिस ने रसोई के चाकू की तस्वीर जारी करते हुए कहा कि संदिग्ध ने हमले को अंजाम देने के लिए इसका इस्तेमाल किया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो फुटेज में दो लोगों को संदिग्ध पर गोलियां चलाते दिखाया गया। इजरायल के सरकारी स्वामित्व वाले कान टीवी समाचार ने बताया कि हमले के प्रयास के दौरान वह 'फ्री फिलिस्तीन' के नारे लगा रहा था और उसने कहा कि वह ऐसा इसलिए कर रहा है क्योंकि इजरायल गाजा में लोगों को मारता है।
Tags: