संयुक्त राष्ट्र के प्रमुख एंटोनियो ने बजट नियम पर महासभा के फैसले का किया स्वागत
संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने महासभा की ओर से अप्रयुक्त बजटीय धनराशि से जुड़े वित्तीय नियमों में बदलाव के फैसले का स्वागत किया है। गुटेरेस ने एक बयान में कहा, "मैं महासभा के उस फैसले का स्वागत करता हूं, जिसमें उन वित्तीय नियमों में सुधार किया गया है, जिनसे संगठन की स्थिरता पर खतरा मंडरा रहा था। महासभा ने मतदान के जरिए चार साल के परीक्षण काल के लिए एक नया तरीका अपनाने पर सहमति जताई है। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि बिना खर्च हुए फंड (अप्रयुक्त धनराशि) सदस्य देशों को तभी लौटाए जाएं, जब उसके लिए वास्तविक नकद राशि उपलब्ध होगी।"
समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, एक वित्तीय नियम के तहत संयुक्त राष्ट्र को हर बजट अवधि के आखिरी में अप्रयुक्त बजटीय आवंटन को सदस्य देशों को क्रेडिट के रूप में लौटाना पड़ता है, जिसमें बकाया राशि भी शामिल है। मंगलवार को महासभा के फैसले से इस नियम में बदलाव किया गया है।
गुटेरेस ने कहा, "इस फैसले से हम संसाधनों, खासकर नियमित और शांति-रक्षा बजट के लिए अधिक अनुमानित और जिम्मेदार तरीके से प्रबंधन कर पाएंगे। साथ ही, सदस्य देशों से मिले आदेशों को बेहतर ढंग से पूरा कर पाएंगे।"
गुटेरेस ने कहा कि वे अपने कार्यकाल की शुरुआत से ही इस बदलाव की मांग करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव वैश्विक संस्था के कामकाज को तुरंत और बिना रुकावट जारी रखने, खासकर शांति-स्थापना अभियानों के लिए बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा, "अपने कार्यकाल की शुरुआत से ही मैं इस बदलाव की मांग करता रहा हूं, और इस अहम कदम को उठाने के लिए मैं सदस्य देशों का आभारी हूं।" संयुक्त राष्ट्र के महासचिव ने कहा, "इस अहम बदलाव से मेरे उत्तराधिकारी को बहुत फायदा होगा। उन्हें अब उन फंड्स को लौटाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा जो अक्सर उन्हें कभी मिले ही नहीं थे।" बता दें कि गुटेरेस का कार्यकाल इस साल के आखिर में खत्म हो रहा है।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने उन सदस्य देशों का धन्यवाद किया जिन्होंने अपना निर्धारित योगदान चुका दिया है। उन्होंने सभी देशों से संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने की अपनी अपील दोहराई।