राम मंदिर चढ़ावा घोटाला की जांच में किसी को नहीं मिलेगी छूट : आरपी सिंह
नई दिल्ली: राम मंदिर चढ़ावा घोटाला मामला, अयोध्या में कांग्रेस के प्रस्तावित दौरे और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि कानून अपना काम करेगा और जांच में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
राम मंदिर दान घोटाला मामले पर आरपी सिंह ने आईएएनएस से कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि एफआईआर एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर दर्ज की गई है। रिपोर्ट में साफ लिखा है कि मामले में जो भी व्यक्ति शामिल पाया जाएगा, उसकी जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा, "चाहे कोई अधिकारी हो या कर्मचारी, सभी जांच के दायरे में हैं। किसी को भी विशेष छूट नहीं मिलेगी और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।" वहीं, अयोध्या में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के दौरे से पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को नजरबंद किए जाने के मुद्दे पर भी भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा।
आरपी सिंह ने कहा, "यह दौरा पूरी तरह राजनीतिक है और इसका भगवान राम से कोई संबंध नहीं है। कांग्रेस का इतिहास भगवान राम के विरोध का रहा है। उन्होंने पहले भगवान राम के अस्तित्व तक पर सवाल उठाए थे।"
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी भारत में कम और विदेश में ज्यादा रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी अब तक करीब 55 विदेश दौरे कर चुके हैं और अक्सर देश से बाहर ही रहते हैं।
इसके अलावा, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए आरपी सिंह ने कहा कि उन्हें अपनी इच्छा जाहिर करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा, "ऐसी ही बातें उन्होंने पश्चिम बंगाल और बिहार में भी कही थीं, लेकिन आखिर में जनता ने भाजपा को भारी समर्थन और आशीर्वाद दिया।"
बता दें कि असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी ने आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। वे अपने मेहनतकश और ईमानदार नेताओं को चुनाव में टिकट देंगे। भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए वे गठबंधन करने को भी तैयार हैं।