मनसुख मांडविया ने ग्लासगो में की स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री जॉन स्विनी से खास मुलाकात
नई दिल्ली: केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने ग्लासगो में स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री जॉन स्विनी से खास मुलाकात की। इस इवेंट में कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष डोनाल्ड रुकारे भी मौजूद रहे। कॉमनवेल्थ गेम्स (सीडब्ल्यूजी) 2026 का आगाज 23 जुलाई से होने जा रहा है।
भारत के खेल मंत्री मनसुख मांडविया कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान भारतीय एथलीटों का समर्थन, उनका उत्साह बढ़ाने और हरसंभव सहायता करने के इरादे से ग्लासगो पहुंचे हैं। स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री जॉन स्विनी ने एक खास रिसेप्शन का आयोजन किया, जिसमें भारत के खेल मंत्री भी शामिल हुए।
मनसुख मांडविया ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "स्कॉटलैंड के प्रथम मंत्री जॉन स्विनी द्वारा आयोजित रिसेप्शन में शामिल होने का मौका मिला। ग्लासगो के खूबसूरत शहर में सीडब्ल्यूजी 2026 की मेजबानी करने वाली टीम द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभारी हूं। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष, डॉ. डोनाल्ड रुकारे से मिलकर भी खुशी हुई। 2030 में भारत द्वारा आयोजित होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के शताब्दी संस्करण को लेकर कॉमनवेल्थ समुदाय में बहुत उत्साह है।"
भारत को साल 2030 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करनी है। कॉमनवेल्थ की मेजबानी गुजरात का अहमदाबाद शहर करेगा। भारत ने अब तक सिर्फ एक बार साल 2010 में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की है। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त तक ग्लासगो में होना है। इस बार भारत के कुल 125 एथलीट्स इस मेगा इवेंट में हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 77 पुरुष और 48 महिला एथलीट हैं। यह दल पैरा स्पोर्ट्स सहित 13 अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेगा। सबसे बड़ा दल एथलेटिक्स का है, जिसमें 32 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें 22 पुरुष और 10 महिला एथलीट हैं।
इसके अलावा, बॉक्सिंग और जूडो में 14-14 खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि वेटलिफ्टिंग में 12 खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। साल 2022 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा था। देश ने कुल 61 मेडल अपने नाम किए थे, जिसमें 22 गोल्ड, 16 सिल्वर और 23 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे थे।