फीफा वर्ल्ड कप: मोरक्को से हार कर नीदरलैंड का सफर खत्म, कोच रोनाल्ड कोमैन ने छोड़ा पद
नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद नीदरलैंड्स के कोच रोनाल्ड कोमैन ने पद से इस्तीफे की घोषणा कर दी है। राउंड ऑफ 32 में मोरक्को और नीदरलैंड्स टीम का मुकाबला खेला गया, जिसमें नीदरलैंड की टीम को हार का सामना करना पड़ा और इसी के साथ वर्ल्ड कप में उसका सफर समाप्त हो गया है।
मोरक्को के खिलाफ खेलते हुए नीदरलैंड की टीम के हार के साथ ही कोच रोनाल्ड कोमैन ने भी कोच का पद छोड़ दिया है। इसी के साथ मैनेजर के तौर पर 'ऑरेंज' (नीदरलैंड्स टीम) के साथ उनका दूसरा कार्यकाल भी समाप्त हो गया।
कोमैन ने 2018 की शुरुआत में अपना पहला कार्यकाल शुरू किया, जो 2020 के मध्य तक चला। कतर में हुए वर्ल्ड कप के बाद, जिसमें नीदरलैंड्स क्वार्टर-फाइनल तक पहुँचा था, वे 2023 की शुरुआत में उन्होंने बतौर कोच फिर टीम से जुड़े थे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर रोनाल्ड कोमैन ने कहा, "मैंने डच नेशनल टीम के कोच के तौर पर अपना कार्यकाल खत्म करने का फैसला किया है। हम सभी ने एक ऐसे वर्ल्ड कप का सपना देखा था जिसमें हम इतिहास रचेंगे। हम कामयाब नहीं हो पाए। इस बात से मुझसे ज्यादा निराश कोई नहीं है। नेशनल कोच के तौर पर, यह जिम्मेदारी आपकी होती है। मैंने हमेशा इसे महसूस किया है, और हमेशा करता रहूंगा।
उन्होंने आगे कहा, "इसके अलावा, पिछले कुछ सालों में मुझे एक बार फिर एहसास हुआ कि फुटबॉल से ज्यादा जरूरी चीजें भी हैं। फुटबॉल मेरी जिंदगी रही है, लेकिन सेहत अनमोल है।"
रोनाल्ड कोमैन की कोचिंग में डच नेशनल टीम ने तीन बड़े टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया: उनकी अगुवाई में यूरो 2021, यूरो 2024 और 2026 वर्ल्ड कप। यूरो 2024 के दौरान, 'ऑरेंज' (डच टीम) सेमी-फाइनल तक पहुंची थी।
नेशनल कोच के तौर पर अपने पहले कार्यकाल में, कोमैन ने 'ऑरेंज' को 2019 में यूईएफए नेशंस लीग के फाइनल तक भी पहुंचाया था। कुल मिलाकर, वे 64 आधिकारिक इंटरनेशनल मैचों में डच नेशनल टीम के कोच रहे। बाद में, रॉयल डच फुटबॉल एसोसिएशन ने पुष्टि की कि कोमैन ने फेडरेशन को बता दिया है कि वे नीदरलैंड्स नेशनल टीम के हेड कोच के तौर पर अपना कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने पर उसे आगे नहीं बढ़ाएंगे।
कोमैन ने कहा, "मैंने इतने लंबे समय तक इस कोचिंग स्टाफ और खिलाड़ियों के ग्रुप के साथ बहुत करीब से और पूरी लगन से काम किया है, इसलिए यह फैसला लेना आसान नहीं था।" उन्होंने कहा, "मैं शुक्रगुजार हूं और हेड कोच के तौर पर मेरे दोनों कार्यकाल के दौरान 'ऑरेंज' से जुड़े सभी लोगों की लगन के लिए दिल से तारीफ करना चाहता हूं।"
उन्होंने आगे कहा कि यह बहुत निराशाजनक है कि हमारा वर्ल्ड कप अभियान इतनी जल्दी खत्म हो गया। लेकिन जब मैं इस बारे में सोचूंगा और पीछे मुड़कर देखूंगा, तो मुझे मुख्य रूप से वह बेहतरीन सहयोग और वे कई शानदार पल याद आएंगे जो हमने साथ बिताए। इसलिए मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिन्होंने इसमें योगदान दिया। मैंने तय किया है कि अब अपनी पत्नी, बच्चों और पोते-पोतियों के साथ ज़्यादा समय बिताने का सही समय है। इस समय, यह सही और सबसे स्वाभाविक फैसला लगता है।