नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान जारी हैं। इसी बीच एनडीए के नेताओं ने पार्टी की जीत का दावा किया है। नेताओं ने कहा कि जनता ने मन बना लिया है, भाजपा को लाना है उसके बाद ही विकास हो सकता है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "आज पश्चिम बंगाल में मतदान चल रहा है। प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा जीत की ओर आगे बढ़ रही है। जात, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर मुहर लगा रहे हैं। कमल खिल रहा है। मैं पश्चिम बंगाल के लोगों से अपील करता हूं कि सभी लोग घरों से निकलकर मतदान के लिए आगे आए।"
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बंगाल विधानसभा चुनाव पर कहा, "भाजपा के कमल के फूल की आंधी चल रही है। दिल्ली आम आदमी पार्टी के पाप से मुक्त हो गई है। उत्तर प्रदेश अखिलेश यादव के जंगल राज, गुंडा राज से मुक्त हो गया और बिहार में तेजस्वी यादव का गुंडाराज वापस नहीं आ पाया। अब माफिया राज पश्चिम बंगाल से भी जाने वाला है।"
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा, "पश्चिम बंगाल की जनता ने यह तय कर लिया है कि इस विधानसभा चुनाव में, ठीक वैसे ही जैसे दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र और बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को स्वीकार किया और सरकारों के गठन का आधार विकास को बनाया, वैसा ही यहां भी होगा।"
भाजपा नेता टी. आर. श्रीनिवास ने कहा, "पश्चिम बंगाल चुनावों का बहुप्रतीक्षित दूसरा चरण आज शुरू हो गया है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक, लोग सुबह की तेज धूप से बचने के लिए पोलिंग बूथों पर कतारें लगा रहे हैं, क्योंकि दोपहर में जब गर्मी बढ़ जाती है तो वोटिंग की रफ़्तार धीमी हो जाती है। इस चरण से पहले एक दिलचस्प घटनाक्रम यह रहा कि पिछले दो दिनों में टीएमसी सदस्यों ने कथित तौर पर अजयपाल शर्मा के फर्जी वीडियो सर्कुलेट किए। अजयपाल शर्मा उत्तर प्रदेश के एक आईपीएस अधिकारी हैं, जो यहां कानून-व्यवस्था के लिए चुनाव पर्यवेक्षक के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।"
भाजपा नेता राम कृपाल यादव ने कहा, "बंगाल के लोग बदलाव के मूड में हैं। आपने चुनावों का पहला चरण देखा ही होगा। वोटिंग का प्रतिशत बहुत ज्यादा था और आज भी ज़्यादा रहेगा, क्योंकि ममता बनर्जी की सरकार ने पिछले 15 सालों में बंगाल को बर्बाद कर दिया है और बंगाल को 100 साल पीछे धकेल दिया है। इसलिए अब वहां के लोग ममता बनर्जी की सरकार से आजादी और भारतीय जनता पार्टी की सरकार चाहते हैं।"