दुष्कर्म के आरोपी बाबा नित्यानंद ने लॉन्च किया 'रिजर्व बैंक ऑफ कैलासा', मुद्रा भी जारी की

Update: 2020-08-23 15:46 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। दुष्कर्म के आरोपी भगोड़े बाबा नित्यानंद ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर अपना बैंक लॉन्च कर दिया। उसने इस बैंक को रिजर्व बैंक ऑफ कैलासा नाम दिया है। बैंक के साथ ही उसने अपनी करेंसी (मुद्रा) भी जारी की है। इससे पहले नित्यानंद अपना अलग देश कैलासा और उसकी कैबिनेट बनाने का दावा भी कर चुका है। भारतीय एजेंसियां नित्यानंद की तलाश कर रही हैं।

पूर्व में एक वीडियो जारी कर नित्यानंद ने एलान किया था कि वह 22 अगस्त को गणेश चतुर्थी पर रिजर्व बैंक ऑफ कैलासा की करेंसी लॉन्च करेगा। उसने कहा था कि इसे लेकर एक देश के साथ मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं। इस वीडियो में उसने कहा था कि बैंक के सभी काम वैध हैं और उसकी आर्थिक नीतियां भी तैयार की जा चुकी हैं।

बता दें कि पिछले साल दिसंबर में खबर आई थी कि नित्यानंद ने दक्षिण अमेरिकी महाद्वीप में त्रिनिदाद और टोबैगो के पास इक्वाडोर के पास एक द्वीप पर अपना नया देश 'कैलासा' बसा लिया है। जानकारी के मुताबिक उसने इस देश का नाम कैलासा रखा है। वह नेपाल के रास्ते इक्वाडोर भागा था। हालांकि, इन रिपोर्ट्स की कोई पुष्टि नहीं हुई थी।

नित्यानंद कर्नाटक में दर्ज दुष्कर्म के एक मामले में वांछित है। उस पर आरोप है कि वह अपना आश्रम चलाने के लिए बच्चों का अपहरण कर उनसे श्रद्धालुओं से चंदा जुटाने के लिए मजबूर करता था। पुलिस ने इस मामले में उसकी दो अनुयायियों को भी गिरफ्तार कर चुकी है। गुजरात पुलिस ने बीती 21 नवंबर को बताया था कि नित्यानंद देश छोड़कर भाग गया है।

https://jantaserishta.com/news/daru-party-in-kovid-hospital-infected-youth-seen-having-fun-there-was-a-stir-in-the-district-administration-as-soon-as-the-video-went-viral/

Similar News