दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 में जबरन घुसने की कोशिश, सीआईएसएफ के जवानों ने एक व्यक्ति को दबोचा
नई दिल्ली: दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति ने सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश की है। बताया गया कि यह व्यक्ति टर्मिनल 3 में जबरन घुसने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने पकड़ लिया। साथ ही, सीआईएसएफ ने अपनी त्वरित और समन्वित कार्रवाई से एक संभावित सुरक्षा चूक को भी रोक दिया।
यह घटना टर्मिनल 3 के डिपार्चर गेट पर हुई, जहां सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने एक व्यक्ति को टर्मिनल में अनधिकृत रूप से घुसने की कोशिश करते देखा। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस व्यक्ति को रोका और बल की 'क्विक रिस्पॉन्स टीम' (क्यूआरटी) की मदद से उसे पकड़ लिया।
सीआईएसएफ के अनुसार, घुसने की कोशिश के कुछ ही सेकंड के भीतर उस व्यक्ति को रोक लिया गया और काबू में कर लिया गया। डिपार्चर गेट पर तैनात कर्मियों और क्यूआरटी के बीच समय रहते तालमेल बिठाने से उस व्यक्ति को बिना जरूरी यात्रा दस्तावेजों के एयरपोर्ट के प्रतिबंधित टर्मिनल में घुसने से रोका जा सका।
सीआईएसएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के डिपार्चर गेट पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों ने असाधारण सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया दिखाते हुए बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के टर्मिनल में जबरन घुसने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को तुरंत पकड़ लिया।"
बयान में कहा गया, "क्यूआरटी कर्मियों की समय पर मदद से, उस व्यक्ति को कुछ ही सेकंड में रोक लिया गया, जिससे अनधिकृत प्रवेश रुक गया और एक संभावित सुरक्षा चूक टल गई। यह त्वरित और समन्वित कार्रवाई एयरपोर्ट की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सीआईएसएफ कर्मियों की सतर्कता, पेशेवर रवैये और परिचालन तैयारियों को दर्शाती है।"
सीआईएसएफ ने दोहराया कि उसके कर्मी एयरपोर्ट की सुरक्षा से समझौता करने की किसी भी कोशिश का जवाब देने के लिए हमेशा सतर्क और तैयार रहते हैं। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल, आरोपी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्यवाही चल रही है।