अमेरिका के सिनसिनाटी में डेढ़ घंटे के अंदर 3 जगहों पर 17 लोग शूटिंग के शिकार, चार की मौत की आशंका

Update: 2020-08-16 18:39 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। सिनसिनाटी: अमेरिका का सिनसिनाटी शहर शनिवार को देर रात गोलीबारी की घटनाओं से हिल गया। पुलिस ने बताया है कि 3 अलग-अलग जगहों पर 17 लोगों पर गोली चलाई गई। अभी तक पुष्टि नहीं की गई है लेकिन माना जा रहा है कि कुछ लोगों की जान भी गई है। अभी तक किसी संदिग्ध को लेकर कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

सिनसिनाटी के ओवर-द-राइन इलाके में 10 लोगों को गोली मारी गई जिनमें से दो की मौत की आशंका है। यह जानकारी असिस्टेंट पुलिस चीफ पॉल न्यूडिगेट ने मीडिया को दी है। वहीं, शहर के वॉलनट हिल्स इलाके में हैरियट बीचर स्टोई हाउस के पास भी गोलीबारी की घटना हुई। इसमें 3 लोगों पर हमला किया गया।

'एक-दूसरे से जुड़ी नहीं हैं घटनाएं'
इनके अलावा एवॉन्डेल इलाके में 4 लोगों को गोली मारी गई है। यहां पुलिस को आशंका है कि दो लोगों की मौत हुई है। स्थानीय मीडिया का कहना है कि ये तीनों गोलीबारी की घटनाएं 60-90 मिनट के अंदर हुई हैं। हालांकि, पॉल का कहना है कि तीनों का आपस में कोई संबंध नजर नहीं आ रहा है और तीनों के पीछे अलग-अलग कारण लग रहा है। हालांकि, उन्होंने इन्हें भयानक और दुखद बताया है। 

इस साल बढ़े अपराध
पॉल ने कहा, 'सिनसिनाटी में एक बेहद हिंसक रात। लग रहा है करीब 17 पीड़ित हैं जिनमें से 4 की मौत की आशंका है। ऐसा क्यों हुआ, यह सवाल है।' इससे पहले पिछले महीने Enquirer की रिपोर्ट में कहा गया था कि शहर में इस साल पहले 6 महीने में पिछले साल की तुलना में शूटिंग की घटनाएं बढ़ी हैं। 

Similar News