दिल्ली: भलस्वा डेयरी इलाके में चोरी के शक में 18 साल के रामकुमार की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर दो ट्रक चालकों मुंतियाज और नईम को गिरफ्तार कर पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। मारपीट में शामिल दो आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला 29 अगस्त का है।

रामकुमार अपने परिवार के साथ भलस्वा डेयरी इलाके में रहता था और कूड़ा बीनता था। 29 अगस्त की शाम सात बजे राम कुमार सहित अन्य युवकों को कुछ ट्रक चालकों ने ट्रक से केबल व अन्य सामान की चोरी करने के शक में पकड़ा था। इस दौरान उन लोगों ने राम कुमार को बंधक बनाकर उसे पीटा। घायल अवस्था में परिजन उसे बुराड़ी अस्पताल में लेकर गए। मेडिकल जांच में उसके हाथ, आंख और पैर पर चोट के निशान मिले।

 

Tags: