उतार प्रदेश: ग्राम मुस्सेपुर के पास पुरानी रंजिश को लेकर करीब 12 लोगों ने एक युवक को घेरकर धारदार हथियार और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक पर तमंचे से फायरिंग भी की। गंभीर रूप से घायल युवक को नहटौर से मेडिकल अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।
नूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मंडौरा निवासी राजेंद्र सिंह ने तहरीर में बताया कि उनका पुत्र सुमित कुमार शनिवार की रात करीब 10 बजे अपने मौसेरे भाई ललित फौजी निवासी सिजौली को धामपुर रेलवे स्टेशन छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था। साथ में दूसरी बाइक पर मनोज निवासी हरगनपुर तथा सुशील निवासी कुआखेड़ी लक्सर उत्तराखंड दूसरी बाइक से थे। बताया गया कि नहटौर रोड पर ग्राम मुस्सेपुर के पास पुरानी रंजिश रखने वाले ललित कुमार निवासी तंगरौला, आशुतोष निवासी मौहल्ला रविदास नगर नूरपुर और गजेंद्र चोटी समेत करीब 12 लोगों ने उनकी बाइकों को घेर लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने सुमित को जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार और लाठी-डंडों से पीटा। इसके बाद तमंचे से फायर किया, जिससे सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीणों को आता देख आरोपी सुमित को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में उसे बिजनौर रेफर कर दिया गया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।