राहुल गांधी के साथ सेल्फी लेने पहुंची युवती, गाल पर किया KISS
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के पुणे में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक छात्रा राहुल गांधी को अचानक चीक्स पर किस करती नजर आ रही है. यह पूरा वाकया उस वक्त हुआ, जब राहुल गांधी युवाओं से जुड़े 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल हुए थे.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी मंच पर मौजूद लोगों के साथ सेल्फी ले रहे थे. इसी दौरान एक युवा छात्रा उनके पास पहुंचती है और सेल्फी लेने के बाद अचानक उनके गाल पर किस कर देती है. राहुल गांधी कुछ पल के लिए छात्रा से बातचीत करते हैं और फिर अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ मंच से नीचे चले जाते हैं.
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में कार्यक्रम स्थल पर कॉन्सर्ट जैसी लाइटिंग और बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है. वीडियो पर कई यूजर्स ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं. कुछ लोगों ने इसे छात्रा के आत्मविश्वास और राहुल गांधी के प्रति सहजता से जोड़कर देखा, जबकि कुछ यूजर्स ने इसे 'क्यूट मोमेंट' बताया.
राहुल गांधी का पुणे दौरा सिर्फ इस वायरल वीडियो की वजह से चर्चा में नहीं रहा. 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में उन्होंने महिलाओं, युवाओं और सामाजिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी बात की. उन्होंने 'मनुस्मृति मानसिकता' पर निशाना साधते हुए महिलाओं से पितृसत्ता के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की.
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन का भी जिक्र किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा. उनके बयान को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग भी शुरू हो गई.
बीजेपी की महाराष्ट्र इकाई के उपाध्यक्ष केशव उपाध्ये ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में वास्तविक छात्र मुद्दों पर चर्चा के बजाय सामान्य राजनीतिक बयान दिए गए और भीड़ जुटाने के लिए कॉलेज बसों का इस्तेमाल किया गया.
इसके जवाब में कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने बीजेपी पर पलटवार किया. उन्होंने दावा किया कि प्रशासनिक अड़चनों के बावजूद राहुल गांधी के कार्यक्रम को युवाओं का जबरदस्त समर्थन मिला. उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नागपुर में हुए Gen Z कार्यक्रम पर भी सवाल उठाए.