मेरठ: मेरठ में जेल के बाहर युवकों द्वारा बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है. वीडियो में चार से पांच युवक मेरठ जेल के बाहर खड़े नजर आ रहे हैं. उनके पीछे जेल की ऊंची दीवार और मुलाकात के लिए इंतजार करते लोग दिखाई दे रहे हैं. रील में 'एक खटोला जेल के भीतर, एक खटोला जेल के बाहर' गाना बज रहा है.
बताया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक शहजाद है, जो हिस्ट्रीशीटर नदीम मेवाती का भाई बताया जाता है. जानकारी के मुताबिक, शहजाद अपने साथियों के साथ जेल में बंद फिरोज उर्फ भूरा से मुलाकात करने पहुंचा था. इसी दौरान जेल की दीवार को बैकग्राउंड में रखते हुए गाने पर रील बनाई गई.
वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया गया, जहां यह तेजी से वायरल हो गया. शुक्रवार को मामला पुलिस के संज्ञान में आया. इसके बाद अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी. पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच शुरू कर दी है.
मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है. इसमें करीब चार से पांच युवक दिखाई दे रहे हैं और गाने के जरिए जेल के अंदर-बाहर का जिक्र किया गया है. पुलिस ने मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.
एसपी सिटी के मुताबिक, इस तरह की रील बनाकर दहशत वाला माहौल बनाने की कोशिश गैरकानूनी है. वीडियो किस वजह से बनाया गया, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने साफ किया है कि मामले में जो भी लोग सामने आएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है.