मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मायके वालों ने पति के घर के मुख्य दरवाजे पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर खाने में जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सदर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर पताही गांव का है। मृतका की पहचान चंदन ठाकुर की पत्नी विभा ठाकुर (35) के रूप में हुई है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव मायके वालों को सौंपा गया। परिजन शव लेकर सीधे ससुराल पहुंचे और मुख्य दरवाजे पर चिता सजाकर अंतिम संस्कार कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और तनाव व हंगामे का माहौल रहा।
मृतका के भाई आकाश चौधरी के मुताबिक, विभा की शादी वर्ष 2014 में चंदन ठाकुर से हुई थी। उनकी एक 12 वर्षीय बेटी है। आकाश का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही विवाद शुरू हो गया था। विभा मायके वालों को ससुराल में होने वाली परेशानियों और प्रताड़ना के बारे में बताती थी। भाई ने आरोप लगाया कि गर्भावस्था के दौरान भी विभा पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया था। इसके बाद वह मायके वालों के साथ अहमदाबाद चली गई थी। बच्ची के जन्म के बाद वह ससुराल लौटी, लेकिन रिश्तों में सुधार नहीं हुआ। परिजनों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच तलाक का मामला अदालत में चल रहा था, जिसमें 12 दिसंबर को अंतिम फैसला आने वाला था।
परिजनों ने बताया कि छठ पूजा के संध्या अर्घ्य से एक दिन पहले विभा की तबीयत बिगड़ी। उसने फोन करके मायके वालों को जानकारी दी। मौसेरा भाई राहुल उसे प्रसाद हॉस्पिटल लेकर पहुंचा। परिजनों के मुताबिक, डॉक्टरों ने लीवर और किडनी गंभीर रूप से खराब होने की जानकारी दी थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अंतिम संस्कार के दौरान आकाश ने भावुक होकर कहा कि बहन को जीते जी साथ नहीं रखा गया, इसलिए उसका अंतिम संस्कार पति के दरवाजे पर किया गया।
पिता बच्चू चौधरी ने पति चंदन ठाकुर, ससुर मुरारी प्रसाद ठाकुर, सास मंजू देवी और ननद समेत अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जहर देकर हत्या करने का आरोप अभी जांच के दायरे में है।
Tags: