लखनऊ में योगी का बड़ा संदेश, 'गोवंश संरक्षण केवल भाषण नहीं, हमारी जिम्मेदारी'
Lucknow लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रणेता अशोक सिंहल के जन्मशताब्दी वर्ष के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने गोवंश संरक्षण और सरकार की ओर से किए गए कार्यों का जिक्र किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद अवैध बूचड़खानों के खिलाफ कार्रवाई की गई और उन्हें बंद कराया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने गोवंश संरक्षण के लिए सख्त कानून बनाए और इसके साथ ही बड़ी संख्या में गोशालाओं का निर्माण कराया।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में 7,700 से अधिक गोशालाएं बनाई गई हैं, जिनमें 16 लाख से अधिक गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से गोवंश की देखभाल के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक गोवंश के लिए हर महीने 1,500 रुपये उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है, ताकि गोवंश की बेहतर देखभाल और सेवा सुनिश्चित की जा सके।
अशोक सिंहल के जन्मशताब्दी समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोसेवा केवल भाषण का विषय नहीं है, बल्कि इसे व्यवहार में उतारने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गोवंश संरक्षण को लेकर कई कदम उठाए हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन और अशोक सिंहल के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अशोक सिंहल ने समाज को एकजुट करने और राम मंदिर आंदोलन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि परंपराओं और संस्कृति के संरक्षण के साथ विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवंश संरक्षण के लिए सरकार, प्रशासन और समाज सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से भी गोसेवा के कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
अशोक सिंहल जन्मशताब्दी समारोह में कई संत, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में अशोक सिंहल के जीवन और उनके सामाजिक योगदान को याद किया गया।सीएम योगी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य गोवंश की सुरक्षा, संरक्षण और सेवा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।